Type Here to Get Search Results !

भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में कलह, बातचीत तक बंद, फीडबैक लेने पहुंचे रामलाल

भोपाल
 आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर मध्य प्रदेश भाजपा की अहम बैठक आज प्रदेश कार्यालय दीनदयाल परिसर में होने जा रही है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल लोकसभा सीट के हिसाब से बनाए गए प्रभारी, सह प्रभारी व संयोजकों के साथ प्रदेश पदाधिकारी, संगठन के जिला व संभाग प्रभारी के साथ जिलाध्यक्षों से भी बात करेंगे। इसके बाद वे चुनाव का प्रारंभिक फीडबैक लेंगे। बैठक मध्य प्रदेश के प्रभारी बनाए गए अनिल जैन भी मौजूद रहेंगे। 
संसदीय सीट-वार संगठन की ओर से तैयार की गई रिपोर्ट पर रामलाल बात कर सकते हैं। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के बीच चल रही कलह पर भी रामलाल व अनिल जैन बात कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि प्रदेश भाजपा में शीर्ष स्तर पर चल रहे मनमुटाव की जानकारी केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंच गई है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राकेश सिंह, संगठन महामंत्री सुहास भगत और सह संगठन महामंत्री अतुल राय के साथ-साथ प्रदेश के बड़े नेताओं के बीच संवादहीनता की चर्चा जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के बीच है। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल गौर और भाजपा से बागी हुए लोगों द्वारा की जा रही भाजपा विरोधी बयानबाजी को लेकर संगठन सचेत है।  

अनिल जैन को कमान: छत्तीसगढ़ के प्रभारी व भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के करीबी अनिल कुमार जैन को अब लोकसभा चुनाव तक मप्र की कमान भी सौंप दी गई है। बताया जा रहा है कि मप्र के वर्तमान चुनाव प्रभारी स्वतंत्र देव सिंह और सह प्रभारी सतीश उपाध्याय इनके अधीन ही काम करेंगे। स्वतंत्र देव मंगलवार को भोपाल पहुंच गए, लेकिन स्थानीय स्तर पर नेताओं ने उनसे मिलने में परहेज किया। 

शाह ने फीडबैक बुलवाया: विधानसभा चुनाव के नतीजों के मद्देनजर शाह लोकसभा चुनाव के दौरान प्रत्याशी चयन में ऐसी कोई भी कमी नहीं रखना चाहते है, जिसमें एक भी सीट का नुकसान हो। इसलिए शाह ने अपने स्तर से ही सर्वे और फीडबैक बुलवाया है। जैन इसी आधार पर 29 लोकसभा सीटों पर प्रत्याशियों की संभावनाएं टटोलेंगे। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से साफ संकेत हैं कि जीतने वाले बड़े नेता भी मैदान में उतारे जाएंगे। पिछले चुनाव में करीब आधी सीटों पर नए चेहरे उतारे गए थे, लेकिन इस बार पार्टी ऐसे किसी भी प्रयोग के लिए तैयार नहीं है।