इंदौर
मुझे संदीप को स्पॉट पर ही खत्म करने के निर्देश मिले थे, इसीलिए उसे शूट करने के बाद मैं कार तक पहुंचा और फिर दोबारा से उसके पास पलटकर आया। लौटकर मैंने दो गोली और मारी। यह बात संदीप तेल हत्याकांड को अंजाम देने वाले गैंगस्टर सुधाकर राव मराठा के खास शूटर टार्जन ने पुलिस को पूछताछ में बताई। इधर, उसके एक अन्य साथी की तलाश में एक टीम मराठा को लेकर राजस्थान के कुछ गांव में भी सर्चिंग कर रही है। पुलिस अधिकारियों की माने तो बुधवार रात तक इस केस में कुछ और लोगों के पकड़ाए जाने बात सामने आ सकती है।
रोहित की तलाश में टीम दे रही दबिश: उधर, हत्याकांड में फरार चल रहे एसआर मप्र के डायरेक्टर रोहित सेठी की तलाश में दक्षिण भारत में क्राइम ब्रांच की टीमें कई शहरों में डेरा डाले हुए हैं। सेठी के मुन्नार में एक द्वीप के पास होने की सूचना पर जैसे ही क्राइम ब्रांच की टीम ने दबिश,वह वहां से भाग निकला। वह बार-बार लोकेशन बदल रहा है और मोबाइल का इस्तेमाल भी नहीं कर रहा। अधिकारियों का कहना है कि सेठी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इधर, केबल व्यापार में उतर चुके गुंडों को लेकर भी क्राइम ब्रांच की एक टीम को डीआईजी हरिनारायणाचारी मिश्र ने सतर्क किया है और सभी गुंडा तत्वों को चिन्हित कर उनके रिकाॅर्ड के आधार पर सूची बनाने को कहा है। जल्द ही आपराधिक रिकार्ड वाले गुंडों पर पुलिस सख्ती से कार्रवाई करेगी। इधर, संगठित अपराधों को संचालित करने वाले 11 गैंग लीडर्स की भी पुलिस सूची बना चुकी है।
शूटर टार्जन बोला - संदीप को स्पॉट पर ही खत्म करने के मिले थे निर्देश, इसलिए लौटकर मारी 2 गोली
जनवरी 30, 2019
Tags
