Type Here to Get Search Results !

प्रयागराज कुंभ में स्नान के बाद अखिलेश ने बताया 'असली योगी कौन?'

लखनऊ
उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने प्रयागराज कुंभ में स्नान के बाद सोमवार शाम अपनी यात्रा का एक विडियो ट्विटर पर शेयर किया। प्रयागराज यात्रा से वापस लौटने के बाद अखिलेश ने इस विडियो में अपने जीवन के दो लक्ष्यों का जिक्र किया। इसके साथ ही अखिलेश ने श्रीमदभगवदगीता के एक श्लोक के बहाने सूबे के सीएम योगी आदित्यनाथ पर निशाना भी साधा। अखिलेश ने अपने ट्वीट के साथ विडियो पोस्ट करते हुए लिखा,'मेरे जीवन के दो लक्ष्य: संविधान की रक्षा और उस धर्म की सुरक्षा जो बताता है कि असल योगी वह है, जो हर प्राणी को समता से देखता है और औरों के सुख-दुख को अपना सुख-दुख समझता है। आत्मौपम्येन सर्वत्र समं पश्यति योऽर्जुन, सुखं वा यदि वा दु:खं स योगी परमो मत.. संविधान का भी यही संदेश है।'
श्रीमदभगवदगीता में श्लोक का उल्लेख
अखिलेश ने जो श्लोक विडियो के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है, उसका उल्लेख श्रीमदभगवदगीता में किया गया है। श्लोक में भगवान श्रीकृष्ण अर्जुन को संबोधित करते हुए कहते हैं, 'हे अर्जुन ! जो अपनी भांति सबमें समान दृष्टि रखता है, सुख या दुःख में सम रहता है, वही परम योगी माना जाता है।'



प्रयागराज प्रवास के दौरान अखिलेश यादव

प्रयागराज की यात्रा पर पहुंचे थे अखिलेश
इस श्लोक के साथ अखिलेश ने अपनी प्रयागराज कुंभ यात्रा का विडियो पोस्ट किया है जिसमें वह संगम में स्नान करते और प्रयागराज के प्रसिद्ध बड़े हनुमान मंदिर में दर्शन करते दिख रहे हैं। बता दें कि अखिलेश यादव रविवार को संगम नगरी प्रयागराज के प्रवास पर पहुंचे थे। यहां अखिलेश यादव ने संगम में स्नान भी किया था, जिसके बाद वह हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए भी पहुंचे थे।