Type Here to Get Search Results !

फिर आकाशगंगा कॉलोनी में दिखा तेंदुआ,10 मिनट तक घूमता रहा

भोपाल 
 त्रिलंगा की आकाशगंगा कॉलोनी में दहशत फैलाने वाला तेंदुआ शुक्रवार देर रात भी कॉलोनी पहुंचा। करीब 10 मिनट तक कॉलोनी में घूमता रहा। कॉलोनी में पेट्रोलिंग कर रही टीम की नजर जब उस पर पड़ी तो वह पार्क में घुस गया। वन विभाग के अधिकारी इस बात का अंदाजा नहीं लगा पा रहे हैं कि आखिरकार तेंदुआ बार-बार कॉलोनी में क्यों आ रहा है।
मोरवन में तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाया पिंजरा। इसमें बकरे को बांधा गया है।
वह भी उस स्थिति में जब उसके लिए मोरवन में ही भरपूर खाना उपलब्ध है। इधर, वन विभाग ने मोरवन में दो व स्वर्ण जयंती पार्क में एक पिंजरा लगा दिया है। इनमें बकरों को बांधा गया है।
दो दिन से आकाशगंगा कॉलोनी में तेंदुआ लगातार पहुंच रहा है। इससे रहवासी दहशत में हैं। पेट्राेलिंग कर रही टीम को भी कॉलोनी में तेंदुआ दिखाई दिया। टीम के सदस्य रामयश मौर्य, ग्यारसीलाल जाटव, बुधराज भागवत, रघुराम देवहर ने उसका पीछा भी किया। तेंदुआ तकरीबन 10 मिनट तक कॉलोनी में रहा और फिर सड़क पार कर माेरवन लौट गया। इधर, भोपाल फॉरेस्ट सर्किल के चीफ कंजरवेटर एसपी तिवारी का कहना है कि तेंदुआ सब एडल्ट है और वह मां से अलग हुआ है। उसने दाे दिन में कोई शिकार नहीं किया। इससे लगता है कि वह घबराया हुआ है। उसे आगे निकलने का रास्ता नहीं मिल रहा है।
फिर सीसीटीवी में हुआ कैद, मोरवन में पिया है पानी : आकाशगंगा कॉलोनी के रहवासी जितेंद्र गुप्ता ने बताया कि उनके यहां के कैमरे में तेंदुआ फिर से कैद हो गया है। उनका कहना है कि तेंदुआ रात 2.35 बजे उनकी कॉलोनी में था। वन विभाग की टीम ने सुबह पार्क का कोना-कोना छान मारा, लेकिन कहीं भी उसके द्वारा किया गया शिकार नहीं मिला। पार्क में मोरों के लिए बनाए गए पानी के गड्ढे में जाकर उसने पानी पिया है। इसकी पुष्टि उसके पगमार्क से हुई है। वन विभाग ने इलाके में ट्रैप कैमरे भी लगाए हैं।