परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने शुक्रवार को सुबह स्कूल बसों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान बसों में अनियमितताएं पाए जाने पर 11 बसों का चालान भी बनाया गया। परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ने चेतक ब्रिज से कटारे पेट्रोल पंप के आसपास स्कूल बसों को रोकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान वे बस के अंदर चढ़े और चेक किया कि कहीं ज्यादा बच्चों को तो नहीं बैठाया गया है। इस दौरान उन्हें 8 से 10 बसों में स्पीड गर्वनर नहीं मिला। इसके साथ ही बसों में सीसीटीवी कैमरे भी नहीं लगे थे।
वहीं, कुछ स्कूल बसों के ड्राइवर और कंडक्टर अपनी ड्रेस में नहीं थे। परिवहन मंत्री का कहना है कि अब विभाग के अफसर मैदान में उतरकर बसों की चेकिंग करेंगे। अगर कोई अफसर अपने दफ्तर में बैठकर ही काम करता पाया गया। मैदान में नहीं दिखा तो उन पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने 11 बसों पर चालानी कार्रवाई की है। इसके साथ ही उन्होंने चेताया है कि स्कूलों बसों में गड़बड़ हुई तो और कार्रवाई की जाएगी।