Type Here to Get Search Results !

6 साल के बेटे की मौत के बाद पति को फोन लगाकर बोली- मुझे मत तलाशना, शव को गले लगाकर ट्रेन के सामने कूदी

इंदौर
 छह साल के बेटे की मौत के बाद उसे गले लगाकर ट्रेन के सामने एक महिला ने शुक्रवार सुबह खुदकुशी कर ली। बेटे की मौत के 10 मिनट बाद महिला ने पति को कॉल कर कहा - अब मुझे मत तलाशना। एक घंटे बाद महिला ने ट्रेन के सामने कूद कर जान दे दी। ट्रेन की टक्कर लगने से बेटा छिटक कर पास गिर गया, जबकि महिला टुकड़ों में बंट गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

राजेंद्र नगर पुलिस के मुताबिक मृतका भारती (30) पति विश्वनाथ कुर्मी निवासी तीन इमली थी। मूलत: सागर जिले के तलापार तहसील करई गांव का रहने वाली थी। पति विश्वनाथ ने बताया कि मैं पालदा में कपास की कंपनी में काम करता हूं। नौकरी की तलाश में तीन साल पहले इंदौर आए थे। छह साल का बेटा रूपेंद्र थैलेसीमिया बीमारी से पीड़ित था, उसे हर 15 दिन में खून चढ़वाना पढ़ता था। उसकी गुरुवार रात को तबीयत ठीक नहीं थी, उल्टियां कर रहा था। सुबह 8 बजे पत्नी उसे चाचा नेहरू अस्पताल लेकर गई। बच्चे ने मुझसे अच्छे से बात की थी। इसके बाद मैं काम पर चले गया, पत्नी का 8.45 बजे कंपनी में कॉल आया।
कंपनी के कर्मचारी ने बताया कि तुम्हारी पत्नी का फोन है, बहुत घबराई हुई लग रही है। मैंने उसके मोबाइल पर कॉल किया तो वो बोली कि बेटे की तबीयत ज्यादा खराब है, तुम आ जाओ। मैंने कहा - मैं आता हूं। 9 बजे उसने वापस कंपनी में कॉल किया और बोली - बेटे की मौत हो गई है, अब तुम भी मुझे मत ढूंढ़ना। इसके बाद मैंने कई बार उसके मोबाइल पर कॉल किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। मैंने इंदौर में ही रहने वाले साले सतेंद्र कुर्मी को कॉल कर पत्नी की जानकारी मांगी, लेकिन उसने बताया कि बहन भारती का काॅल आया था, उसने जानकारी दी कि रूपेंद्र की मौत हो गई है। इसके बाद फोन काट दिया।

पुलिस ने भारती के मोबाइल से किया भाई को कॉल : मृतका के भाई सतेंद्र ने बताया कि बेटे की मौत से वह बदहवास हो गई थी। एक घंटे तक बेटे रूपेंद्र को सीने से लगाते हुए यहां-वहां भटकती रही। 10 बजे राजेंद्र नगर थाने से बहन भारती के मोबाइल से मुझे काॅल आया। उसने पूछा कि भारती तुम्हारी कौन लगती है तो मैंने बताया कि मेरी बड़ी बहन है। पुलिस ने बताया कि भारती ने सुबह 10 बजे राजेंद्र नगर रेलवे गेट के सामने ट्रेन के सामने कूदकर जान से दी है। पास ही मैं एक बच्चा भी मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। इसके बाद मैंने जीजा विश्वनाथ को कॉल किया और हम दोनों घटना स्थल पर पहुंचे तो बहन और भांजा पटरी किनारे पड़े हुए थे। हम मौके पर पहुंचे और दोनों की शिनाख्त की।

महिला दो टुकड़ों में ट्रेन से कटी: राजेंद्र नगर के एएसआई अमरदास नागवे ने बताया कि महिला बच्चे को साथ में लेकर ट्रेन सामने कूदी थी, लेकिन महिला को ट्रेन की टक्कर लगने से बच्चा छिटककर थोड़ी दूरी पर जा गिरा। ट्रेन में आने से महिला के दो टुकड़े हो गए। महिला का जिला अस्पताल में पोस्ट मार्टम करवाया गया। वहीं विश्वनाथ बच्चे को उठकर अस्पताल पहुंचा। पुलिस पति से भी पूछताछ कर रही है।