भाजपा मिशन-2019 की शुरुआत शुक्रवार को उज्जैन-आलोट संसदीय क्षेत्र के 2100 बूथों के कार्यकर्ता सम्मेलन से किया। कालिदास अकादमी प्रांगण में आयोजित हुए सम्मेलन में लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन, केंद्रीय मंत्री थावरचंद गेहलोत, राज्यसभा सदस्य डॉ. सत्यनारायण जटिया, पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने सभा को संबोधित किया। पूर्व जनसंपर्क मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कमलनाथ सरकार पर जमकर प्रहार किया, वहीं लोक सभा स्पीकर सुमित्रा महाजन केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई।
आगामी लोकसभा चुनाव को दृष्टिगत रखते हुए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें सरकार की उपलब्धियां और विधानसभा चुनाव में जो गलतियां हुई हैं, उस पर आगे से ध्यान रखने और चुनाव में केंद्र सरकार की उपलब्धियां आम जन तक पहुंचाने को लेकर बीजेपी के कई बड़े नेता मंच पर पहुंचे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने कमलनाथ सरकार को घेरते हुए कहा कि ये जो इठला कर और इतराकर कांग्रेस के लोग चल रहे हैं ना, उनका सफाया हो जाएगा।
मिश्रा ने कमलनाथ पर तंज करते हुए कहा - हिंदुस्तान का बड़ा उद्योगपति मुख्यमंत्री बना तो हमें लगा उद्योगों का जाल आएगा, लेकिन कौन से उद्योग आए। ट्रांसफर उद्योग, अपहरण उद्योग… इस उद्योगपति एक नए तरह का कल्चर पैदा किया और नए तरह के उद्योग लाकर दिए। कार्यकर्ताओं की हत्या हो जाती है, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। परसो 42 डीएसपी के ट्रांसफर हुए, 38 के कैंसिल हो गए। जिस दिन से सरकार ने बनी है लॉ एंड ऑर्डर की कोई चिंता नहीं है। लॉ एंड ऑर्डर का तो मतलब ही बल गया है। अब लॉ और ले जा हो गया है, क्योंकि वक्त बदलाव का था।
पुलवामा मामले का जिक्र करते हुए मिश्रा ने कहा - आज जो असहिष्णुता का नारा लगाते थे, एक का भी बयान आपने नहीं सुना होगा। जब हमारे 40 जवान मारे गए। अब इन्हें संविधान या देश अब खतरे में नहीं दिखाई देगा। इमरजेंसी जब लगी, तब ऐसे लोग थे, जिन्हें संविधान खतरे में नजर नहीं आया। 84 में दंगे हुए, 90 में कश्मीर के अंदर हिंदुओं को नरसंहार तब इन्हें संविधान खतरे में नजर नहीं आया। लेकिन एक आतंकवादी भी मर जाए तो इन्हें संविधान खतरे में नजर आता है। मोदी जी ने चार साल में 13 आतंकवादियों का खात्मा किया।
वहीं लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन ने भी अपनी बात रखी और नरेंद्र मोदी के स्वच्छता मिशन की तारीफ करते हुए कहा- केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाई। सुमित्रा महाजन ने विधानसभा चुनाव में जो कमियां रह गई थी, उसको लेकर भी कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा और यह जो कमियां थीं, उन्हें दूर करना होगा। तभी केंद्र में बीजेपी की सरकार पूर्ण बहुमत से बन पाएगी। उज्जैन लोकसभा सीट से फिर से अपनी दावेदारी मजबूत कर रहे सांसद चिंतामणि मालवीय अपने पिछले 5 सालों में किए गए कार्यों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे थे और उन्होंने अपने कार्यकाल में किए गए अपने कार्यों को जनता के सामने पेश किया और आगामी लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं को मेहनत करके एक बार फिर लोकसभा चुनाव में जीत दिल आने की बात कही।