भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष प्रभात झा के बेटे तुष्मुल झा का भोपाल के साकेत नगर निवासी मिक्की चांदवानी को धमकी देते एक ऑडियो वायरल हुआ है। इसमें तुष्मुल उस युवक से कह रहे हैं कि ‘तुम मुझे नहीं जानते। याद रखना अयत्न मेरा छोटा भाई और प्रभात झा जी का बेटा है। तुमको क्या लगता है, अब तुम्हारे साथ क्या होगा?’ इस ऑडियो में तुष्मुल से युवक मिक्की कह रहे हैं कि अयत्न ने उनकी मां को अपशब्द कहे, जिसके जवाब में उसने भी ऐसा ही किया।
बहरहाल, इस ऑडियो से सियासी घमासान मच गया। कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने प्रभात झा से मांग की है कि उनके बेटे के कथित वायरल ऑडियो के संबंध में वस्तुस्थिति स्पष्ट करें। बताएं कि यह ऑडियो सच्चा है या झूठा। यदि ऑडियो झूठा है तो उन्हें तुरंत रिपोर्ट दर्ज कराना चाहिए। इस मामले में ‘भास्कर’ ने प्रभात झा से बातचीत करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। ऑडियो वायरल होने के बाद एक और ऑडियो आया, जिसमें मिक्की ऐसी किसी भी घटना से इनकार कर रहे हैं।
बेटा हमारे बारे में नहीं जानते हो :
तुष्मुल : फोन पर... तुष्मुल झा बोल रहा हूं। मेरे छोटे भाई से तुम्हारा क्या हुआ है..तुमने उसे गाली दी।
मिक्की : भैया कुछ भी नहीं। पहले उन्होंने गाली दी। मैं तो उन्हें पेबल-बे में एक प्रॉपर्टी दिखाने ले गया था।
तुष्मुल: तुम उसको गाली दोगे...।
मिक्की : आप बताओ... अयत्न भाई मेरे दोस्त हैं। इतने सालों से उन्हें प्रॉपर्टी दिखाए जा रहा हूं। एक-दूसरे को भाई बोलते हैं..। अगर वो मेरी मां को गाली देंगे तो प्रैक्टिकली खुद सोचो आप। कोई सुनेगा क्या? उन्होंने गाली दी तो रिवर्ट में मैंने भी कहा।
तुष्मुल: बेटा हमारे बारे में नहीं जानते हो... ये बताओ तुमको क्या लगता है.. तुम्हारे साथ क्या होगा?
मिक्की : मैंने कोई गलत बात नहीं की। उन्होंने (अयत्न) धक्का-मुक्की की। रामभाई से पूछ लो। आपने तो अभी थाने में बैठा दिया।
तुष्मुल : अरे बेटा अभी कुछ नहीं हुआ। तुष्मुल झा के बारे में तुम कुछ नहीं जानते। याद रखना वह मेरा छोटा भाई और प्रभात झा जी का बेटा है। तुमको बताऊंगा बेटा। तू बच्चा है।
मिक्की : तो आप क्या करोगे। मेरे पास जान से मारने के मैसेज आ रहे हैं। फोन आ रहे हैं कि मुझे मारने गनमैन निकले हैं। क्या करोगे मेरा भैया।
तुष्मुल : अभी थोड़ी देर रुक.. 15-20 मिनट। तुमको अभी सब समझाएंगे।
मिक्की : आप मुझे धमकी दे रहे हैं।
तुष्मुल : हंसते हुए। मैं किसी को धमकी नहीं देता।
वह मेरी आवाज नहीं :
मैं इस नाम के किसी व्यक्ति को नहीं जानता और न ही कभी मुलाकात हुई। आप उस युवक से पूछेंगे तो वह भी यही कहेगा। जहां तक ऑडियो की बात है तो वह मेरी आवाज नहीं है।- तुष्मुल झा, भाजपा नेता व प्रभात झा के पुत्रऐसी कोई घटना नहीं हुई :
ऐसी कोई घटना नहीं हुआ। हम दोनों तो दोस्त हैं। चार बर्तन होंगे तो आवाज तो आएगी। दोस्तों के बीच भी ऐसा ही होता है। आप मिक्की से पूछ लें, वह भी यही कहेगा।’ - अयत्न झा, तुष्मुल के छोटे भाई