Type Here to Get Search Results !

कर्ज माफी के लिए आए साढ़े 50 लाख आवेदन, 22 से खातों में आएगी राशि

भोपाल
कर्ज माफी के लिए 50 लाख 40 हजार किसानों ने आवेदन किया है। मंगलवार को आवेदन करने की आखिरी तारीख थी। जिन आवेदनों पर दावे आपत्तियां आएंगी, उनका निराकरण करने के बाद 22 फरवरी से किसानों के ऋण खातों में राशि जमा कराई जाएगी।  
 
अब तक 25239 मामले बैंक ने क्लियर भी कर दिए हैं। इनकी राशि 356.54 करोड़ रुपए है। इन मामलों में भी राशि 22 फरवरी के बाद जमा की जाएगी। चुनाव के पहले कांग्रेस ने किसानों की कर्ज माफी का वादा किया था। मुख्यमंत्री बनते ही कमलनाथ ने इसकी घोषणा कर दी।

टाइम लाइन
15 जनवरी - प्रत्येक ग्राम पंचायत में सूची चस्पा करने का काम। 
26 जनवरी - ग्राम सभा का आयोजन और सूची के नाम पढ़ने का काम। 
27 जनवरी से 5 फरवरी - फॉर्म भरवाने का काम। 
22 फरवरी से - किसानों के ऋण खाते में राशि जमा कराई जाएगी। 

किसानों से भरवाए गए तीन तरह के फार्म 

  1. 27 जनवरी से 5 फरवरी तक इसके लिए आवेदन मांगे गए थे। हरे, सफेद और गुलाबी रंग के आवेदन भरवाए गए हैं। हरे आवेदन उन किसानों के लिए जिनके खाते आधार से लिंक हैं, सफेद फॉर्म उनके लिए जिनके खाते आधार से लिंक नहीं हैं और गुलाबी आवेदन उनके लिए जिनका नाम सूची में नहीं है या गलत लिखा गया है। कर्ज माफी में लघु, सीमांत किसानों को प्राथमिकता मिलेगी।
  2. भोपाल से 60 हजार किसानों ने भरे फॉर्म

    किसानों का दो लाख रुपए तक का कर्जमाफ करने के लिए फार्म भरने का सिलसिला मंगलवार से थम गया है। जिले के 63 हजार 544 किसानों में से अब तक करीब 60 हजार 499 किसानों ने फार्म जमा करा दिए हैं। शेष बचे किसानों के इनकम टैक्स पेयी होना आंका जा रहा है, हालांकि ऐसे किसान जिन्होंने कर्जदार होने के बावजूद अब तक आवेदन नहीं किए हैं, उनके भी फार्म भरवाए जाएंगे। शासन के आदेश मिलने के बाद इन किसानों के संबंध में फैसला लिया जाएगा।
  3. आयकर चुकाने वाले किसानों को लाभ नहीं

    कलेक्टर सुदाम खाड़े ने बताया कि जिन किसानों के नाम बैंकों की लिस्ट में नहीं हैं, लेकिन उन्होंने फसल के लिए कर्ज ले रखा है, तो उसने गुलाबी रंग के फार्म भरवाए गए हैं। इन किसानों के लोन की जानकारी बैंकों से जुटाकर कर्जमाफी योजना में शामिल किया जाएगा। इसके साथ आयकर चुकाने वाले किसानों को कर्जमाफी योजना का लाभ नहीं मिलेगा। ऐसे में किसानों से फार्म में ही शपथ पत्र भरवाए जा रहे हैं।