भोपाल
राज्य सरकार ने तेंदूपत्ता संग्राहकों के बोनस में
प्रति मानक बोरा 500 रुपए की वृद्धि की है। अब संग्राहकों को 2000 रुपए के
स्थान पर 2500 रुपए प्रति मानक बोरा के हिसाब से भुगतान किया जाएगा।
उन्हें यह भुगतान नगद किया जाएगा। यह जानकारी वन मंत्री उमंग सिंघार ने दी
है।
सिंघार ने बताया कि यह वृद्धि राज्य सरकार ने अपने वचन-पत्र में वनोपज
संग्राहकों से किया गए गए वादे के अनुसार की है। मौजूदा भुगतान की व्यवस्था
में भी बदलाव किया गया है। अब ई-पेमेंट के बजाए उन्हें नगद भुगतान किया
जाएगा।सिंघार ने कहा कि पारिश्रमिक में 500 रुपए की वृद्धि किये जाने से
संग्राहकों को आगामी सीजन में 110 करोड़ रुपये से ज्यादा अतिरिक्त
पारिश्रमिक का भुगतान किया जाएगा। सरकार के इस फैसले से 33 लाख 12 हजार
तेंदूपत्ता संग्राहक लाभान्वित होंगे और लगभग 22 लाख तेंदूपत्ता मानक बोरा
का संग्रहण होगा।
पिछली सरकार के कार्यकाल में तेंदूपत्ता संग्राहकों को भुगतान
ई-पेमेंट से किया जाता था, जिससे उन्हें दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।
इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है, अब वन विभाग के अधिकारी कर्मचारी पहले
से गांव में पहुंचकर उन्हें भुगतान के दिन और समय की जानकारी देंगे। इसके
अनुसार निर्धारित समय पर नोडल ऑफिसर वहां जाकर उन्हें नगद भुगतान करेंगे।
तेंदूपत्ता संग्राहकों का बोनस 500 रुपए बढ़ा, बोनस और पारिश्रमिक का नगद होगा भुगतान
फ़रवरी 13, 2019
Tags
