Type Here to Get Search Results !

रिवॉल्वर दिखाकर स्कूल बस से जुड़वां बच्चों को अगवा किया, सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई वारदात

सतना/चित्रकूट
 चित्रकूट के स्कूल से सतना वापस आ रहे जुड़वां बच्चों को मंगलवार को बदमाशों ने स्कूल बस से अगवा कर लिया। पूरी वारदात बस में लगे सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में बदमाश रिवॉल्वर दिखाकर बच्चों का अपहरण करते नजर आ रहे हैं।

पुलिस ने बताया- बदमाशों ने पहले बंदूक दिखाकर स्कूल बस को रुकवाया और फिर दोनों बच्चों को बस से उठाकर ले गए। बच्चे चित्रकूट के सद्गुरु ट्रस्ट के एसपीएस स्कूल में पढ़ते हैं। मंगलवार को छुट्‌टी के बाद स्कूल बस से सतना स्थित घर लौट रहे थे।

परिजनों से पूछताछ, टीमें गठित की गईं
पुलिस ने बताया कि अपहृत बच्चों का नाम शिवम और देवांग हैं। दोनों की उम्र 5 साल है। बच्चों के पिता का नाम बृजेश रावत है। वह तेल व्यवसायी हैं। एएसपी सतना गौतम सोलंकी ने बताया कि घटना की सूचना के बाद इलाके में नाकेबंदी करवा दी गई है। बच्चों की तलाश के लिए टीमें गठित की गई हैं। परिजनों से पूछताछ करके जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि जिस अंदाज में घटना को अंजाम दिया गया है, उससे यह तय है कि बदमाश दोनों बच्चों को अच्छी तरह से पहचानते थे। ऐसे में फिरौती के लिए अपहरण की आशंका है।

बच्चों को बाइक पर बैठाकर फरार हुए बदमाश 
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बदमाशों ने पहले बस रुकवाई फिर हथियार लहराते हुए एक नकाबपोश बदमाश बस में चढ़ा और दोनों बच्चों को उठाकर ले गया। बाद में बाइक में बच्चों को बैठाकर बदमाश भाग गए। वारदात के दौरान बस में अन्य बच्चे, चालक और कंडक्टर भी थे। लेकिन, बदमाशों के पास हथियार होने के चलते किसी ने भी घटना का विरोध नहीं किया।