भोपाल
पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा है कि
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी मुंगेरी लाल जैसे सपने देख रहे
हैं। रविवार को राहुल और मुख्यमंत्री कमलनाथ ने बिहार में कहा कि उन्होंने
मध्यप्रदेश में सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ कर दिया है। लेकिन,
हकीकत में प्रदेश में अभी तक एक भी किसान का कर्जा माफ नहीं हुआ है।
कांग्रेस सरकार कागज के टुकड़ों पर कर्ज माफ कर रही है। ये बात उन्होंने
राजधानी में सोमवार को भारत के मन की बात मोदी के साथ कार्यक्रम की शुरुआत
करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि अगर कर्जमाफी में घोटाला हुआ है तो दोषियों को तुरंत
गिरफ्तार कर जेल में डाला जाना चाहिए। कांग्रेस सरकार की मंशा ठीक नहीं है।
कर्जमाफी के नाम पर सिर्फ समय काट रही है। उसे मालूम है कि लोकसभा चुनाव
की आचार संहिता लगने वाली है। अभी तक फार्म भरवाए जा रहे हैं। उन्होंने 22
फरवरी की डेट दी है। तब इक्का-दुक्का किसानों का कर्ज माफ कर देंगे। इसके
बाद आचार संहिता लगा जाएगी और कर्ज माफ नहीं करने का ठीकरा इस पर फोड़
देंगे।
मोदी सरकार ने किए काम : शिवराज ने कहा कि अगला लोकसभा
चुनाव सिर पर है। बीते साढ़े चार साल में जितने काम प्रधानमंत्री नरेंद्र
मोदी ने किए हैं। उतने काम कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों ने कभी नहीं
किए। उन्होंने कहा कि भाजपा का घोषणापत्र कमरों में बैठकर नहीं बल्कि लोगों
से पूछकर बनाया जाएगा। इसके लिए ये रथ 29 लोकसभा क्षेत्रों के हर विधानसभा
क्षेत्र में जाकर लोगों से उनके सुझाब एकत्रित करेंगे।
29 डिजिटल रथ : प्रदेश भाजपा ने लोकसभा चुनाव की
तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए 29 डिजिटल रथ तैयार किए गए हैं। ये रथ
प्रदेश की सभी 29 संसदीय क्षेत्रों में जाकर लोगों को केंद्र सरकार की
योजनाएं बताएंगे और लोगों से चुनाव घोषणा पत्र के लिए सुझाब मांगेगे। ये रथ
प्रदेश की सभी 230 विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचेंगे।
जनसंपर्क मंत्री ने कहा जरूर होगी गिरफ्तारी: किसानों
की कर्जमाफी के बाद सामने आ रहे घोटाले सामने आने के बाद मुख्यमंत्री के
बयान के बाद जनंसपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि घोटाले की जांच शुरू हो
गई है। जिम्मेदार लोगों की गिरफ्तारी भी जरूर होगी।
पटना में क्या कहा था कमलनाथ ने : मुख्यमंत्री कमलनाथ
ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर देश के किसानों तथा नौजवानों को
धोखा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि उनकी सरकार जल्द ही भाजपा के राज में
मध्यप्रदेश में किसानों को कर्जा देने में हुए घोटाले का बड़ा खुलासा करेगी।
नाथ ने पटना में कांग्रेस की 'जन आकांक्षा' रैली को संबोधित करते हुए कहा
कि आज इस देश की जनता मोदी से सवाल कर रही है कि किसान बिना दाम के, नौजवान
बिना काम के तो फिर मोदी-नीतीश किस काम के। उन्होंने कहा कि भाजपा राज में
मध्यप्रदेश बलात्कार में नंबर वन था, बेरोजगारी में नंबर वन था, किसानों
की आत्महत्या में नंबर वन था और महिलाओं पर अत्याचार में नंबर वन था। जनता
ने जब यह सच्चाई जानी तो उन्होंने 15 साल के भाजपा शासन को नकार दिया।
एक महीने में कर्जा माफ हो जाएगा : नाथ ने कहा कि आज 3
फरवरी है, अगले 3 मार्च को प्रदेश के 30 लाख किसानों का कर्जा माफ हो
जाएगा और उसके बाद 15 लाख किसानों का शेष कर्जा माफ किया जाएगा।
मुंगेरी लाल के सपने देख रही कांग्रेस, बिहार में राहुल और नाथ ने गलत जानकारी दी: शिवराज
फ़रवरी 04, 2019
Tags
