Type Here to Get Search Results !

नोटिस के बाद भी खंबाती का निर्माण तोड़ने नहीं पहुंचा निगम अमला, पुलिस बल नहीं मिलने से टली कार्रवाई

इंदौर
 सैफी नगर स्थित धार्मिक स्थल पर बने कम्यूनिटी हॉल को तोड़ने के लिए निगम का अमला चेतावनी के बाद भी नहीं पहुंचा। निगम ने नोटिस जारी कर सैफुद्दीन खंबाती को कहा था कि जिस वक्त कार्रवाई हो वह उपस्थित रहे। इस पर खंबाती ने 14 फरवरी की सुबह 8 बजे से उपस्थित रहने को कहा था। हालांकि टीम दोपहर 12 बजे तक भी नहीं पहुंची। जानकारी अनुसार पुलिस बल नहीं मिलने के कारण यह कार्रवाई टाल दी गई है। अब कार्रवाई शुक्रवार या शनिवार को होगी।
दरअसल, यहां खतरनाक निर्माण होने के बाद भी नया निर्माण किया जा रहा था। निगम ने इसके खिलाफ पिछले साल मई में नोटिस देकर कहा था कि यह निर्माण तोड़ लें और नया निर्माण रोक दिया जाए, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इसी के बाद निगम अब सख्त नोटिस देकर कार्रवाई की चेतावनी दी थी।

निगम के उपायुक्त महेंद्र सिंह चौहान का कहना है कि नियमित कार्रवाई तो चल रही है, लेकिन यह धार्मिक स्थल के पास का निर्माण है, इसलिए पुलिस की मौजूदगी में कार्रवाई होना थी। जल्द कार्रवाई फिर शुरू करेंगे। दरअसल, खंबाती के कुछ अन्य निर्माण पर भी विवाद हो चुके हैं। साथ ही निर्माण हटाने की कार्रवाई भी हो चुकी है।