Type Here to Get Search Results !

मोबाइल के स्थान पर डिब्बे से निकले दो पर्स और बेल्ट

भोपाल
 राजधानी पुलिस के पीआरओ से आनलाइन खरीदी में ठगी का मामला सामने आया है। एक महिला के झांसे में आकर उन्होंने साढ़े चार हजार रुपए कीमत का मोबाइल फोन आर्डर किया था, लेकिन जब डाक से पार्सल पहुंचा तो डिब्बे में मोबाइल की जगह एक पर्स और बेल्ट निकला। घटना के बाद पुलिसकर्मी ने क्राइम ब्रांच में लिखित शिकायत की है। 
जानकारी के मुताबिक नेहरू नगर पुलिस लाइन में पदस्थ 30 वर्षीय सिपाही सत्यवीर सिंह भोपाल पुलिस में पीआरओ का काम देखते हैं। उन्होंने बताया कि पिछले दिनों उनके मोबाइल पर रागनी शर्मा नाम की महिला बार-बार कॉल कर रही थी। वह खुद को वीवी मोबाइल कंपनी की कर्मचारी बताती थी। बीती 1 फरवरी को भी उसका कॉल आया। उसने उन्हें बताया कि वीवी कंपनी वर्ष 2018 मॉडल का करीब 14 से 15 हजार रुपए कीमत का मोबाइल आँनलाइन बुकिंग पर साढ़े चार हजार रुपए में दे रही है। सत्यवीर ने मोबाइल की बुकिंग कर अपना पता दे दिया। मंगलवार को भी उसकी महिला का कॉल आया। उसने उन्हें बताया कि आपका मोबाइल टीटी नगर पोस्ट आफिस पहुंच चुका है, आप वहां पहुंच कर अपना मोबाइल ले लें। 

जब वे अपना मोबाइल लेने पोस्ट आफिस पहुंचे तो वहां मौजूद डाककर्मी ने दिल्ली से आया पार्सल देने से पहले साढ़े चार हजार रुपए जमा करने को कहा। सत्यवीर ने पैसा देने से पहले पार्सल खोल कर देखने को कहा। इस पर डाककर्मी ने उनसे कहा कि पुलिस वाले हो, डरते क्या हो, पार्सल में तोप नहीं है। यह कहते हुए डाककर्मी ने पहले पैसा जमा करा लिया। सत्यवीर ने पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचकर वीडियो बनाते हुए पार्सल खोला। पार्सल में मोबाइल की जगह दो पर्स और एक बेल्ट निकला। अपने साथ हुई ठगी की घटना के बाद उसने क्राइम ब्रांच में शिकायत की है।