लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा ने संगठन स्तर पर बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने सह संगठन महामंत्री अतुल राय को हटा दिया है। हालांकि कहा जा रहा है कि खुद अतुल राय ने पार्टी के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री रामलाल को पत्र लिखकर हटने और संघ में भेजने की मंशा जाहिर की थी। पार्टी से हटाए जाने के बाद माना जा रहा है कि वह वापस संघ लौट जाएंगे।
असल में, इसे प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह और सह संगठन महामंत्री अतुल राय के बीच विधानसभा चुनावों में मिली हार के बाद खींचतान के तौर पर भी देखा जा रहा है। राकेश सिंह और अतुल राय दोनों महाकौशल से आते हैं और विधानसभा चुनाव में राय के पास महाकौशल क्षेत्र की जिम्मेदारी थी।
महाकौशल में हार के बाद से मचा है बवाल
वहां पार्टी को मिली करारी हार को भी इसके पीछे की प्रमुख वजह माना जा रहा है। महाकौशल की 38 में से केवल 11 सीट ही इस बार भाजपा के जीत पाई थी। जबकि कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं। ऐसे में अतुल राय को हटाया जाना लोकसभा चुनाव को देखते हुए भाजपा का बड़ा फैसला माना जा रहा है।
पार्टी कुछ और भी चौंकाने वाले फैसले ले सकता है
वहीं, अब तक ये भी स्पष्ट नही हुआ है कि अगला सह महामंत्री कौन होगा। इसके लिए संघ और पार्टी आपस में चर्चा कर अंतिम निर्णय पर पहुंचेगी। संभावना जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में प्रदेश संगठन के कुछ और पदाधिकारियों बाहर का रास्ता दिखा सकता है।