केन्द्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के निदेशक ऋषि कुमार शुक्ला ने सोमवार को सपत्नीक उज्जैन पहुंच बाबा महाकाल के दर्शन किए। सीबीआई निदेशक बनने के बाद शुक्ला पहली बार उज्जैन पहुंचे थे। शुक्ला ने अपनी उज्जैन यात्रा को व्यक्तिगत बताते हुए मीडिया से किसी भी प्रकार की चर्चा करने से इंकार कर दिया।
उल्लेखनीय है कि 1983 बैच के मध्य प्रदेश कैडर के आईपीएस ऋषि कुमार शुक्ला को 2 फरवरी को नए सीबीआई चीफ के रूप में नियुक्त किया गया था। मप्र के पूर्व डीजीपी रहे शुक्ला ने 4 फरवरी 2019 को पद संभाल लिया था। कार्मिक मंत्रालय की ओर से जारी आदेश के मुताबिक मध्य प्रदेश पुलिस के पूर्व प्रमुख ऋषि कुमार शुक्ला को दो साल के लिए सीबीआई का निदेशक नियुक्त किया गया है।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर के रहने वाले शुक्ला की पहली पोस्टिंग रायपुर में हुई थी। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के रूप में दमोह, शिवपुरी और मंदसौर जिले में सेवाएं दी। साल 2009 से 2012 तक खुफिया विभाग के एडीजी रहे।
जुलाई 2016 से जनवरी 2019 तक मध्य प्रदेश के पुलिस महानिदेशक के पद पर कार्य किया। मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस हाउसिंग बोर्ड का चेयरमैन बना दिया गया था।