काॅमरेड होमी दाजी की पत्नी और वरिष्ठ साम्यवादी नेता पेरिन दाजी का निधन बुधवार सुबह हो गया। उनका अंतिम संस्कार आज शाम मालवा मिल मुक्तिधाम पर किया जाएगा। 4 बजे उनकी अंतिम यात्रा शहीद भवन साम्यवादी पार्टी के कार्यालय से निकलेगी। पेरिन के निधन पर मप्र के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर दुख व्यक्त किया है।इससे पहले उनके पार्थिव शरीर को दोपहर 12 बजे से उनके निवास जेलरोड पर रखा गया है। इसके बाद शहीद भवन में 3 से 4 बजे तक रहेगा। वहां से मालवा मिल श्मशान ले जाएंगे।
मुंबई में जन्में कॉमरेड होमी दाजी का परिवार 1930 की आर्थिक मंदी के दौरान मुंबई से इंदौर आया था। उस समय पोरिन उनके संपर्क में आई, तब से वे साए की तरह उनके साथ रही। हर आंदोलन में भी उन्होंने भागीदारी की। दाजी के अंतिम समय में पेरिन ने जो सेवा की, उसे खुद दाजी भी सराहते थे।काॅमरेड होमी दाजी के निधन के बाद भी पेरिन कई आंदोलनों में भाग लेती रही। उनके निधन पर शहर की राजनीतिक पार्टियों ने शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने अपने ट्वीट में लिखा कि पूर्व सांसद कामरेड होमी दाजी की पत्नी पेरिन दाजी के निधन पर मेरी शोक संवेदनाएं। होमी दाजी के निधन के बाद पेरिन दाजी ने उनके अधूरे कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणो में व पीछे परिजनो को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करे।
