Type Here to Get Search Results !

हाइवे पर हादसे रोकने ड्राइवरों को छिंदवाड़ा में मिलेगी फ्री ट्रेनिंग

भोपाल
 प्रदेश में हाइवे पर बढ़ रहे हादसों पर नियंत्रण के लिए अब ड्राइवरों को छिंदवाड़ा में फ्री प्रशिक्षण दिया जाएगा। भारी वाहनों के ड्राइवरों के लाइसेंस का नवीनीकरण भी बिना प्रशिक्षण के नहीं होगा। प्रशिक्षणार्थियों की फीस सरकारी विभाग व रोड सेफ्टी फंड से दी जाएगी। अभी 30 से 35 दिन के प्रशिक्षण के लिए 12,500 से 15,000 रुपए फीस देनी होती है।
शासन ने मुफ्त प्रशिक्षण का प्रस्ताव तैयार कर लिया है। सभी विभागों के बीच सामंजस्य के बाद इसे लागू कर दिया जाएगा।  सुप्रीम कोर्ट पूर्व में ड्राइवरों को प्रशिक्षण व लाइसेंस रिन्युवल के लिए रिफ्रेशर प्रशिक्षण जरूरी किए जाने के निर्देश दे चुका है।
आरंभ में यह प्रशिक्षण छिंदवाड़ा स्थित अशोक लीलैंड ड्राइविंग प्रशिक्षण संस्था में दिया जाएगा।  प्रशिक्षण केंद्र की क्षमता भी 160 से 250 की जाएगी। यहां 10 महिला ड्राइवरों को एक साथ प्रशिक्षित किए जाने की  व्यवस्था भी की जाएगी। प्रशिक्षण के बाद केंद्र पर ही ड्राइवरों के लाइसेंस बनाए जाएंगे।

ऐसे संस्था को मिलेगी प्रशिक्षण फीस : प्रशिक्षण के लिए अनुसूचित जाति-जनजाति व पिछड़ा वर्ग के प्रशिक्षणार्थियों की फीस  संबंधित विभाग देंगे। महिला प्रशिक्षणार्थियों की फीस महिला बाल  विकास विभाग देगा। अभी तक एलएमवी ( हल्के मोटरयान) चलाने के प्रशिक्षण के लिए 30 दिन की फीस 7500 व 35 दिन की प्रशिक्षण फीस 10 हजार रुपए प्रशिक्षणार्थियों से ही ली जाती थी। खाने का शुल्क 5 हजार रुपए लिया जाता है। 2 दिन के रिफ्रेशर कोर्स की फीस 1500 रुपए ली जाती है।  अब यह कोर्स भी फ्री किया जाएगा।

वाहन कंपनियां भी देंगी ड्राइवरों को प्रशिक्षण: छिंदवाड़ा केंद्र के अलावा आयशर मोटर पीथमपुर एवं आयएमसी के करार द्वारा ड्राइवरों को निशुल्क प्रशिक्षण दिलाती है। कंपनी आयशर ग्रुप फाउंडेशन कारपोरेट सोशल रिस्पोंसीविलटी के अंतर्गत कराया जाता है। प्रशिक्षणार्थियों की संख्या बढ़ने पर आयशर भी अपना  प्रशिक्षण केंद्र शुरू करेगी। आईआईटी इंदौर में भी ड्राइवरों को रिफ्रेशर कोर्स कराया जाता है।