Type Here to Get Search Results !

मध्यप्रदेश में श्रद्धा-भाव से मनाई गई श्री राम नवमी, ओरछा के राम राजा को दी पुलिस ने सलामी

भोपाल। मध्यप्रदेश में आज श्री राम नवमी का उत्सव पूर्ण पारंपरिक श्रद्धा-भाव से मनाया जा रहा है। दुर्गाष्टमी और श्री राम नवमी एक साथ होने से सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। कई स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं द्वारा कन्या भोजन, भंडारा और अन्य ऐसे ही धार्मिक आयोजन कराए गए।

निवाड़ी के ओरछा स्थित रामराजा सरकार मंदिर में आज दोपहर में श्रीराम का जन्मोत्सव मनाया गया। श्री राम नवमी के दिन ओरछा के इस मंदिर में साल में एक बार भगवान श्री राम के गर्भगृह के बाहर दर्शन होते हैं। इस दौरान लाखों लोग इस विश्वविख्यात मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं।

प्रदेश के देवी मंदिरों में भी आज विशेष पूजा-अर्चना में लाखों लोगों ने भाग लिया। दतिया की पीतांबरा शक्तिपीठ, सतना के मैहर की शारदा देवी मंदिर, रायसेन जिले की सलकनपुर देवी मंदिर, इंदौर की विजयासन माता, देवास के मां चामुंडा मंदिर और आगर-मालवा की बगुलामुखी देवी मंदिर में आज दूर-दूर से लोग देवी दर्शन को पहुंचे। सभी स्थानों पर लाखों भक्तों के पहुंचने से मेला स्वरूप सा परिलक्षित हुआ।

मुख्यमंत्री कमलनाथ ने  ‘जय श्री राम’के संबोधन के साथ सभी को श्री राम नवमी की बधाई दी। उन्होंने कहा कि सभी को मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के प्रकटोत्सव ‘राम नवमी’की हार्दिक शुभकामनाएं।