Type Here to Get Search Results !

अलीराजपुर में दिनदहाड़े बाइस लाख रुपए की लूट

अलीराजपुर। अलीराजपुर जिले के चंद्रशेखर आजाद नगर तहसील मुख्यालय के समीप आज दो मोटर साइकिलों में सवार चार बदमाशों ने जीप सवार लोगों की आंखों पर मिर्ची झोंककर बाइस लाख रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया।



पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चंद्रशेखर आजाद नगर की शराब दुकान को संचालित करने वाली शराब कंपनी के कर्मचारी चंद्रशेखर आजाद नगर से दोपहर में एक जीप में सवार होकर आम्बुआ की ओर रवाना हुए। रास्ते में दो बाइक पर सवार चार लुटेरों ने मोटर साइकिल सामने लाकर जीप रुकवाई और तुरंत उतरकर जीप में बैठे कर्मचारियों की आंखों में मिर्ची झोंककर रुपयों से भरा बैग लेकर एक बाइक से भाग निकले।

वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो लुटेरे जब तक फरार हो पाते, तब तक अचानक जोबट पुलिस वहां से गुजर रही थी और घटनाक्रम देखकर एक बाइक पर सवार दो लुटेरों को धरदबोचा गया, जबकि दो लुटेरे 22 लाख रुपए लेकर फरार होने में कामयाब रहे। इस वारदात में पकड़े गए लुटेरों के नाम मनीष और लखन बताए गए हैं तथा दोनों कुक्षी और निसरपुर के रहने वाले हैं।

श्री श्रीवास्तव ने बताया कि चारों लुटेरों ने जोबट में किसी रूम में रात बिताई थी तथा पुलिस ने उनके रूम से मोबाइल, नंबर प्लेट, स्क्रू ड्राइवर आदि बरामद किए हैं। बाइस लाख रुपए लूटकर भागे फरार दो आरोपियों की पहचान पुलिस को मिल चुकी है, उनको पकडन के लिए पुलिस छापामारी कर रही   है।