Type Here to Get Search Results !

मंत्री यादव द्वारा "आपकी सरकार-आपके द्वार" कार्यक्रम में समस्याओं का निराकरण

भोपाल।  कुटीर एवं ग्रामोद्योग, नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री हर्ष यादव आज सागर जिले में देवरी तहसील के ग्राम महाराजपुर में 'आपकी सरकार-आपके द्वार' कार्यक्रम में शामिल हुए। यादव ने कार्यक्रम में मिली ग्रामीणों की 453 शिकायतों में से 232 शिकायतों का मौके पर निराकरण सुनिश्चित किया। शेष 221 शिकायतों के निराकरण के लिये अधिकारियों को आगामी 15 दिन में कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।

मंत्री यादव ने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का गाँव में ही निराकरण सुनिश्चित करने के लिये प्रशासन को गाँव-गाँव भेजा जा रहा है। राज्य सरकार की कोशिश है कि ग्रामीणों की छोटी-छोटी समस्याओं के लिये तहसील, जिला या प्रदेश स्तर तक न जाना पड़े। यादव ने बताया कि इस कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों और समस्याओं के निराकरण की विभागवार जानकारी राज्य सरकार के एनआईसी पोर्टल पर दर्ज की जायेगी।

हर्ष यादव ने शिविर में विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हित-लाभ वितरित किये। उन्होंने 5 दिव्यांगों को ट्रायसिकल, 3 को व्हील-चेयर, 5 को वैशाखी प्रदान की। इस अवसर पर जनपद और जिला-स्तरीय जनप्रतिनिधि तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद थे।