Type Here to Get Search Results !

पर्यटन मंत्री श्री सुरेन्द्र सिंह बघेल ने अलीराजपुर जिले में "आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का किया शुभारंभ

भोपाल।  प्रदेश सरकार ने जन-कल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिये 'आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम प्रारंभ किया है। इसके अंतर्गत जन-प्रतिनिधिगण और प्रशासनिक अधिकारी आमजन के पास पहुँचकर उनकी समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। यह क्रम निरंतर जारी रहेगा। यह बात अलीराजपुर जिले के ग्राम उदयगढ़ में 'आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर आयोजित शिविर में कही।

मंत्री बघेल ने कहा कि मुख्यमंत्री कमल नाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने राशन वितरण संबंधी समस्या के समाधान के लिये विशेष कदम उठाये हैं। उन्होंने बताया कि जिन व्यक्तियों को पीओएस मशीन पर अंगूठा लगाने पर समस्या होगी, वे भी राशन प्राप्त कर सकेंगे। उन्हें भी राशन प्राप्त होगा। श्री बघेल ने बताया कि जन-प्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी एक दिन में 5-5 पंचायतों में पहुँचकर ग्रामीणों से मुलाकात करेंगे और शासन की जन-कल्याणकारी योजनाओं को उन तक पहुँचा कर उनकी समस्याओं का निराकरण करेंगे।

शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाये गये थे, जहाँ ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के निराकरण संबंधी आवेदन प्रस्तुत किये। कार्यक्रम में एसएचजी बैंक ऋण, सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित अन्य स्व-रोजगार योजनाओं के स्वीकृति-पत्र और चेक वितरित किये गये। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों को साइकिल वितरण भी किया गया। स्व-रोजगार प्रशिक्षण के लिये प्रशिक्षण केन्द्र को जा रहे युवाओं को मंत्री बघेल ने हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया।

इस कार्यक्रम के पूर्व अलीराजपुर में मंत्री बघेल ने मुख्यमंत्री आवास योजना के प्रथम चरण के 12 प्लस 48 आवास-गृहों का लोकार्पण किया।