Type Here to Get Search Results !

सामान्य प्रशासन मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने भिण्ड जिले में "आपकी सरकार-आपके द्वार कार्यक्रम का शुभारंभ किया

  • शासन एवं आमजन के बीच की दूरी होगी कम, समस्याओं का होगा निराकरण
भोपाल। आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य शासन, प्रशासन एवं आमजन के बीच की दूरी को कम कर जन-समस्याओं का त्वरित गति से मौके पर ही निराकरण करना है। यह मध्यप्रदेश शासन की अभिनव पहल है। इससे ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान गाँव में ही हो जायेगा। उन्हें इसके लिये इधर-उधर चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

प्रदेश के सामान्य प्रशासन, सहकारिता एवं संसदीय कार्य मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने आज शुक्रवार को भिण्ड जिले के दबोह में 'आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर ये विचार प्रकट किये। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं उनकी माँगों की पूर्ति तथा ग्रामीणों की मंशानुसार विकास कार्य कराये जाने को लेकर अत्यंत गंभीर है तथा इसी उद्देश्य से 'आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम आरंभ किया गया है।

'आपकी सरकार-आपके द्वार'' कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित शिविर में मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने स्वयं आमजन की समस्याओं को सुना तथा समस्याओं के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी गई। मंत्री डॉ. सिंह द्वारा विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को योजनाओं के लाभ का वितरण भी किया गया।
इन योजनाओं का दिया गया लाभ
शिविर में मंत्री डॉ. गोविंद सिंह ने दिव्यांगजनों को ट्राइसिकिल, व्हील-चेयर एवं सहायक उपकरण वितरित किये। शिविर में लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत 69 बालिकाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किये गये, 203 छात्र-छात्राओं को साइकिलें प्रदान की गईं तथा नया सवेरा योजनांतर्गत अनुग्रह सहायता में 5 हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये की राशि दी गई। इसी प्रकार 21 हितग्राहियों को प्रसूति सहायता कार्ड तथा भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार मण्डल विवाह सहायता योजना में हितग्राहियों को 51-51 हजार रुपये की विवाह सहायता राशि प्रदान की गई। राजस्व विभाग द्वारा हितग्राहियों को भू-खण्डधारक प्रमाण-पत्र एवं भू-अधिकार पुस्तिकाएँ वितरित की गईं। हितग्राहियों को मुख्यमंत्री सामाजिक सुरक्षा कल्याणी पेंशन योजना, दिव्यांग शिक्षा प्रोत्साहन, नि:शक्तजन पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन आदि योजनाओं के हितग्राहियों को भी लाभान्वित किया गया।