Type Here to Get Search Results !

अतिवर्षा एवं बाढ़ प्रभावितों को 77 करोड़ वितरित

भोपाल। प्रदेश में अतिवर्षा एवं बाढ़ से प्रभावित लोगों को अब तक 77 करोड़ रूपये मुआवजे के रूप में वितरित किये जा चुके हैं। बाढ़ एवं अतिवर्षा से पूरे प्रदेश में 674 लोगों की जान गयी। अतिवर्षा एवं बाढ़ से प्रदेश में लगभग 12 हजार करोड़ रूपये का प्राथमिक नुकसान अनुमानित है।

प्रदेश में अब तक अनवरत जारी वर्षा एवं बाढ़ से एक हजार 888 पशु काल के ग्रास में समा गये, जबकि भारी वर्षा से 1 लाख 18 हजार 386 भवन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें अनेक भवन पूर्ण रूप से नष्ट हो गए जबकि कुछ भवनों को आंशिक क्षति पहुँची। प्रदेश में लगभग 55 लाख 36 हजार 517 किसान वर्षा से प्रभावित हुए। भारी वर्षा से अब तक 60.47 लाख हेक्टेयर कृषि-भूमि प्रभावित हुई।

प्रदेश में वर्ष 2013 के बाद इस वर्ष सर्वाधिक 1203 मिमी वर्षा दर्ज की गई। अति-वर्षा और बाढ़ से खेतों में उड़द और सोयाबीन की फसलों को सबसे ज्यादा नुकसान पहुँचा है। वर्षा और बाढ़ से प्रदेश के पश्चिमी भाग में सर्वाधिक नुकसान हुआ। राज्य शासन ने राहत और बचाव के लिए सभी जरूरी कदम उठाए गए। प्रदेश में वर्षा की दिन-प्रतिदिन की मॉनिटरिंग से राहत और बचाव की पहले से व्यवस्था की गई।

प्रदेश में अतिवर्षा एवं बाढ़ से हुए नुकसान की निश्चित राशि का आकलन किया जाना अभी संभव नहीं है, क्योकि प्रदेश में वर्षा निरंतर जारी है। मानसून की समाप्ति के पश्चात् ही जिलों से नुकसान की निश्चित जानकारी ली जा सकेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.