Type Here to Get Search Results !

कार सर्विस सेंटर पर कंप्रेशर फटने से 17 साल के किशोर की मौत


इंदौर। निपानिया रोड पर एक कार सर्विस सेंटर पर ज्यादा हवा भराने के कारण कंप्रेशर में फटा और उसका लोहे का टुकड़ा उछलकर 17 साल के किशोर कर्मचारी के गले के नीचे गया। वह अचानक नीचे गिरकर बेसुध हो गया। उसे तत्काल अस्पातल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। संचालक का कहना है कि घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई होगी, वह कल पुलिस को फुटेज उपलब्ध करवा देगा। 

लसूड़िया पुलिस के अनुसार घटना तुलसी नगर स्थित विवेक कार वाशिंग सेंटर पर गुरुवार सुबह 10.30 बजे हुई। हादसे में यहां काम करने वाले 17 साल के कार्तिक पिता कन्हैय्या साटिया निवासी गौरी नगर की मौत हो गई। कार संचालक गोविंद जायसवाल ने बताया कि घटना के वक्त कार्तिक और उसका साथी कर्मचारी धर्मेंद्र सुबह दुकान पर पहुंचे थे। कार्तिक ने आकर साफ सफाई की और उसके बाद कंप्रेशर स्टार्ट कर दिया। संभवत: उसने ध्यान नहीं दिया और कंप्रेशर में क्षमता से ज्यादा हवा भरा गई। ज्यादा प्रेशर और हवा के कारण अचानक कंप्रेशर फटा। लोहे का एक टुकड़ा उछलकर कार्तिक के गले के नीचे लगा, जिससे वह बेसुध होकर गिर पड़ा। हालांकि धर्मेंद्र दूर खड़ा था, इसलिए उसे कोई चोट नहीं आई।