Type Here to Get Search Results !

मुझे सीएम नहीं बनना, अखिलेश मतभेद भुलाएं तो 2022 में वे मुख्यमंत्री होंगे: शिवपाल


इटावा। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से नाराज होकर प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) बनाने वाले उनके चाचा शिवपाल सिंह यादव अब यू-टर्न का मन बना रहे हैं। यादव ने इटावा में पत्रकारों से कहा कि अगर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आपसी मतभेद भुला देंगे तो वे फिर 2022 में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने में कामयाब होंगे। हमारी प्राथमिकता समाजवादी पार्टी है। हमने लंबे समय तक नेताजी के साथ काम किया है। हमारी विचारधारा भी समाजवादी है।

प्रसपा 22 नवंबर को पूरे राज्य में नेताजी मुलायम सिंह यादव का जन्मदिन मना रही है। इसमें शिवपाल ने परिवार के सभी लोगों को आमंत्रित किया है। उन्होंने कहा, ‘‘हम चाहते हैं नेताजी के जन्मदिन पर परिवार में एकता बढ़ जाए तो अच्छा है। यह हमारा प्रयास है। भतीजा समझ लेगा तो सरकार बना लेगा। मुख्यमंत्री हमें तो बनना नहीं है।’’
सपा से बिना किसी शर्त के गठबंधन को तैयार
इटावा के सिंचाई भवन में प्रसपा की बैठक में शिवपाल सिंह यादव ने कहा, ‘‘मेरी इच्छा एक बार फिर से अखिलेश को मुख्यमंत्री बनाने की है। हम इसके लिए समाजवादी पार्टी से बिना किसी शर्त के गठबंधन को तैयार हैं। सपा और प्रसपा एक हो जाएं तो सरकार बना लेंगे।’’
Tags