Type Here to Get Search Results !

जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिये एप्को को मिला "अर्थ केयर अवार्ड


भोपाल। मध्यप्रदेश में जलवायु परिवर्तन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने के लिये पर्यावरण नियोजन एवं समन्वय संगठन (एप्को) को देश के प्रतिष्ठित 'अर्थ केयर अवार्ड'' से पुरस्कृत किया गया है। नई दिल्ली में केन्द्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के सचिव श्री सी.के. मिश्रा ने एप्को के कार्यपालन संचालक श्री जितेन्द्र सिंह राजे और इंदौर नगर निगम आयुक्त श्री आशीष सिंह को यह अवार्ड प्रदान किया। उल्लेखनीय है कि इसी वर्ष एप्को को जल-संसाधन के क्षेत्र में क्लाइमेट चेंज वल्नेरेबिलिटी असेसमेंट के अध्ययन के लिये केन्द्रीय जल शक्ति मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जल मिशन का प्रथम पुरस्कार प्राप्त हो चुका है।

प्रदेश के पर्यावरण विभाग के अंतर्गत स्थापित राज्य जलवायु परिवर्तन ज्ञान प्रबंधन केन्द्र को इंदौर शहर को पारम्परिक जल-स्रोतों के पुनर्जीवीकरण एवं संरक्षण परियोजना की लीडरशिप इन अर्बन क्लाइमेट एक्शन की श्रेणी में विजेता घोषित किया गया है। एप्को के कार्यपालन संचालक श्री राजे ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य इंदौर शहर की सीमा में स्थित 330 कुओं और बावड़ियों को संरक्षित और पुनर्जीवित करना है। परियोजना का लाभ 16 हजार 500 परिवारों को मिलेगा। इंदौर नगर निगम इस परियोजना के माध्यम से प्रतिवर्ष 2 करोड़ 16 लाख रुपये की बचत कर सकेगा। परियोजना के बेहतर क्रियान्वयन के बाद केन्द्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने बुरहानपुर शहर में भी कुओं और बावड़ियों के संरक्षण की समान परियोजना मंजूर की है। इस परियोजना पर भी तेजी से काम किया जा रहा है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.