सागर। सागर की पूर्व किन्नर महापौर कमला बुआ का गुरुवार को निधन हो गया। वे काफी लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं। सागर के भाजपा और कांग्रेस ने नेताओं ने कमला बुआ के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
दिसंबर 2009 में हुए नगर निगम चुनाव में सागर महापौर का पद अनुसूचित जाति की महिला वर्ग के लिए आरक्षित किया गया था। चुनाव में किन्नर कमला बुआ निर्दलीय उम्मीदवार थीं। उनका चुनाव चिन्ह था चाबी। उन्होंने नामांकन पत्र में स्वयं को कोरी अनुसूचित जाति का बताया था, लिंग के स्थान पर स्वंय को स्त्री लिखा था।
चुनाव में उन्हें लगभग 65 हजार वोट मिले थे व भाजपा उम्मीदवार को उन्होंने लगभग 40 हजार मतों के अंतर से हराया था। कांग्रेस की वर्तमान नगर कांग्रेस अध्यक्ष रेखा चौधरी की जमानत जब्त हो गई थी। चुनाव जीतने के बाद कमला बुआ ने सत्ताधारी भाजपा का दामन थाम लिया था। उन्होंने भाजपा की सदस्यता ले ली थी।