नई दिल्ली। केंद्र सरकार केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों के जवानों को अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए साल में कम से कम 100 देगी। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा, “हम एक ऐसी योजना लाएंगे, जिसके तहत हर जवान को साल में अपने परिवार के साथ वक्त बिताने का मौका मिलेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार देश सेवा में लगे जवानों और उनके परिवारों की देखभाल करने के लिए प्रतिबद्ध है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कई बार सुरक्षाबलों को आश्वस्त किया है कि वे हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं और हम उनके परिवारों का ध्यान रखेंगे।”
सरकार जवानों के कल्याण के लिए नीतियां बना रही: अमित शाह
- गृह मंत्री ने कहा, ‘‘अर्धसैनिक बल के जवानों के परिवारों को स्वास्थ्य कार्ड की सुविधा दी जाएगी। इसके तहत जवानों के परिजन मेडिकल चेकअप करा सकेंगे। गृह मंत्रालय ने सीआरपीएफ में बी,सी और डी श्रेणी के तहत करीब 35 हजार पद सृजित किए हैं।’’
- ‘‘प्रधानमंत्री मोदी ने सेवानिवृत्ति की सीमा 57 से बढ़ाकर 60 साल कर दी है। उनकी सरकार ऐसी नीतियां बनाएंगी, जिससे सीआरपीएफ के जवानों और अन्य सुरक्षाबलों का कल्याण सुनिश्चित हो सके।’’
अमित शाह ने रविवार को सीआरपीएफ मुख्यालय की आधारशिला रखी। नया मुख्यालय लोधी रोड पर 277 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 2.23 एकड़ भूमि में बनेगा, जो सीबीआई मुख्यालय से सटा है।
