Type Here to Get Search Results !

राजस्थान के 5 शहरों में तापमान शून्य से नीचे; दिल्ली के लोधी रोड इलाके में पारा 1.7°, हिमाचल के किन्नौर में झरना जमा


नई दिल्ली। देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्से में ठंड का कहर जारी है। राजस्थान के 5 शहरों में शुक्रवार को तापमान शून्य से नीचे पहुंच गया। पंजाब, हरियाणा, बिहार, मप्र समेत कई राज्यों में शीतलहर चल रही है। दिल्ली में शनिवार सुबह औसत न्यूनतम तापमान 2.4° रहा। वहीं लोधी रोड पर तापमान 1.7° दर्ज किया गया। हिमाचल प्रदेश के किन्नौर में सर्दी की वजह से झरना जम गया। 

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगण और दिल्ली समेत उत्तरी राजस्थान और उत्तर प्रदेश में शीतलहर बरकरार रहने की संभावना है। वहीं, बिहार और पश्चिमी मध्यप्रदेश में 'सीवियर कोल्ड डे' की चेतावनी जारी की गई है। यहां तापमान सामान्य से 5-8° सेल्सियस तक गिर सकता है। पश्चिम बंगाल और सिक्किम के हिमालय की तराई में आने वाले क्षेत्र, पूर्वी मध्यप्रदेश, झारखंड और ओडिशा में 'कोल्ड डे' के आसार हैं।
दिल्ली: दो दिन राहत के आसार नहीं
राजधानी में शनिवार को न्यूनतम तापमान 2.4° सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को तापमान 4.2° रहा था। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन सर्दी से राहत के आसार नहीं हैं।
मध्यप्रदेश: 12 शहरों में शीतलहर, पचमढ़ी में पारा 1.2°
भोपाल और इंदौर में शुक्रवार को कोल्ड डे रहा, वहीं ग्वालियर में सीवियर कोल्ड डे घोषित किया गया। जबलपुर समेत 12 शहरों में शीतलहर चली। ग्वालियर चंबल में विजिबिलिटी जीरो रही। यहां मुख्यमंत्री कमलनाथ का दौरा निरस्त कर दिया गया। टीकमगढ़, रायसेन और रतलाम इलाकों में पाले का असर रहा। खेतों में फसलों पर ओस जम गई। प्रदेश में सबसे सर्द रात टीकमगढ़ में रही। यहां पारा 1.5 डिग्री पर पहुंच गया। पचमढ़ी में तापमान 1.2° दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में लगातार दूसरे दिन पारे में गिरावट जारी रही। न्यूनतम तापमान 5.3° दर्ज किया गया, जबकि शुक्रवार को यह 6.3° था। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 48 घंटे मप्र में गलन भरी सर्दी और पाला पड़ सकता है।
राजस्थान: शुक्रवार को 5 शहरों में माइनस में पारा
जयपुर में सर्दी ने 5 साल और जोधपुर में 35 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। शनिवार का न्यूनतम तापमान जयपुर में 3.4° और जोधपुर में 6.4 दर्ज किया गया। शुक्रवार रात फतेहपुर में -4, सीकर में -1.0 के अलावा माउंटआबू, जोबनेर, माउंटआबू और किशनगढ़ रेनवाल में तापमान -1.5° सेल्सियस रहा। फतेहपुर में पिछली तीन रातों से तापमान माइनस में बना हुआ है। जयपुर के पास शाहपुरा के मेड क्षेत्र में पाला पड़ने से टमाटर की 90 फीसदी फसल बर्बाद हो गई। मटर की फसल को भी बड़ा नुकसान हुआ। प्रदेश में बीती रात सबसे अधिक तापमान बाड़मेर में 8.5° रहा।
बिहार: 10 साल में दूसरी बार पटना में सबसे ठंडा दिन
पटना में 10 साल के दौरान 27 दिसंबर को दूसरी बार सबसे ठंडा दिन रहा। पटना में सुबह 7 बजे से शाम 7 बजे तक अधिकतम पारा 15 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इससे पहले 2012 में अधिकतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग ने पटना समेत बिहार के 38 जिलों में शनिवार को सर्दी का ऑरेंज अलर्ट व रविवार को येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत सभी जिलों में भीषण सर्दी पड़ने की संभावना है। इस दौरान विभाग ने दिन में 12 से एक बजे को छोड़कर, शाम होते ही तापमान में लगातार गिरावट होने की बात कही है।
झारखंड: सर्दी से 2 दिन में 6 मौतें
रांची में ठंडी हवाओं के साथ तापमान में गिरावट दर्ज की गई। अचानक पारा गिरने और शीतलहर से राज्य में 2 दिन में 6 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 4 राजस्थान के निवासी थे, जो धार्मिक यात्रा पर झारखंड आए थे। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 4 दिन मौसम साफ रहेगा।  इधर, देर रात मैकलुस्कीगंज और कांके में पारा जीरो डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।
सिक्किम: बर्फबारी से फंसे 1500 पर्यटक
सिक्किम के नाथू-ला के पास बर्फबारी में फंसे 1500 पर्यटकों को सेना ने निकाला। ये पर्यटक करीब 300 टैक्सियों में सवार थे और नाथू-ला से वापस लौट रहे थे। इसी बीच बर्फबारी के चलते सभी बीच में ही फंस गए। सेना ने शुक्रवार को रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर इन्हें बाहर निकाला।
हिमाचल: केलांग में तापमान -11 डिग्री
केलांग में राज्य का सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा -11° सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 4° सेल्सियस है। किन्नौर जिले में कल्पा में 1.8° तापमान देखा गया और यहां सर्दी से एक झरना जम गया। चंबा के डलहौजी में तापमान 5.1° दर्ज किया गया, जबकि मनाली में यह 26° था। धर्मशाला में रात का तापमान 2.2° था। 31 दिसंबर से राज्य में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
जम्मू-कश्मीर: श्रीनगर में सीजन की सबसे सर्द सुबह रही
शनिवार सुबह द्रास का तापमान -28.6° रहा, वहीं श्रीनगर में न्यूनतम तापमान -5.8° सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सीजन में सबसे कम था। इसके अलावा पहाड़ों पर बर्फबारी के चलते सर्दी में इजाफा हुआ है। कश्मीर में चिल्लई कलां जारी है, जो 40 दिन की भीषण सर्दी का दौर होता है। 
छत्तीसगढ़: अंबिकापुर सबसे ठंडा
शनिवार को अंबिकापुर 3.8° सेल्सियस के साथ सबसे ज्यादा ठंडा है। इसके अलावा पेंड्रा रोड में तापमान 4.1° और दुर्ग में 6.4° सेल्सियस रहा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.