भोपाल। एथलीट बजरंगी प्रजापति कभी अपने गांव उप्र के बनारस के रमस्तीपुर की मिट्टी पर दौड़ा करता था। पिता छोटे किसान हैं और आर्थिक स्थिति भी बेहद खराब, लेकिन कुछ कर गुजरने के जज्बे से उसने पैदल चाल का नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बना दिया। वह मध्यप्रदेश एथलेटिक्स अकादमी से जुड़ा एथलीट है। पंजाब के संगरूर में जारी राष्ट्रीय शालेय एथलेटिक्स चैंपियनशिप में गुरुवार को उसने नए नेशनल मीट रिकॉर्ड के साथ राष्ट्रीय स्कूल चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीत लिया।
उत्तराखंड के परमजीत सिंह का तोड़ा रिकॉर्ड
संगरूर में चैंपियनशिप के दूसरे दिन बजरंगी ने 5000 मीटर पैदल चाल में 20:42.71 मिनट का समय निकालते हुए यह उपलब्धि हासिल की। इससे पहले नेशनल मीट का रिकॉर्ड उत्तराखंड के परमजीत सिंह के नाम था जो उन्होंने दिल्ली में पिछले साल 20:53.65 मिनट के समय के साथ बनाया था।
