नई दिल्ली। दिल्ली की अनाज मंडी में स्थित एक बिल्डिंग में रविवार को आग लगने से 43 लोगों की मौत हो गई। दमकल विभाग के मुताबिक, जिस इलाके में आग लगी, वह घनी आबादी वाला है। साथ ही वहां गलियां भी काफी संकरी हैं। ऐसे में दमकल विभाग की गाड़ियों को घटनास्थल में पहुंचने में समय लग गया। इसी कारण मौतों की संख्या में इजाफा हुआ। इस बीच, न्यूज एजेंसी एएनआई ने बताया कि जिस इमारत में रविवार को आग लगी, उसके ठीक पीछे स्थित एक फैक्ट्री में शनिवार को आग लगी थी। हालांकि, शनिवार को लगी आग में कोई नुकसान नहीं हुआ था।
विभाग के चीफ फायर ऑफिसर अतुल गर्ग के मुताबिक, उन्हें आग की जानकारी सुबह 5:20 बजे मिली। इसमें यह नहीं बताया गया था कि आग जिस बिल्डिंग में लगी उसमें फैक्ट्री चल रही थी और वहां लोग फंसे हैं।
मृतकों और घायलों को घटनास्थल से ले जाने के लिए आई एंबुलेंस भी गली में नहीं जा पाई।
अफसरों ने बताया कि संकरी गलियों और उलझे बिजली के तारों की वजह से दमकल की गाड़ियां और उनके पाइप बिल्डिंग तक नहीं पहुंच पाए। इसलिए आग को करीब 100 मीटर की दूरी से बुझाया गया। कुछ दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के लिए गाड़ी से पानी लेकर बिल्डिंग तक दौड़भाग भी की।
