Type Here to Get Search Results !

हिमाचल के 8 जिलों में 4 फीट तक बर्फ गिरी, 588 सड़कें बंद; दिल्ली समेत उत्तर भारत में बारिश का अलर्ट


दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में बुधवार को ताजा बर्फबारी के बाद 8 जिलों में 4 फीट तक बर्फ जम गई। इसके कारण 588 सड़कों को बंद करना पड़ा। प्रदेश में 2436 बिजली सप्लाई लाइन भी बाधित हुईं। उधर, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के कई इलाकों में भी बुधवार को बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तान के ऊपर बने सिस्टम के चलते अगले 24 घंटों में उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़, उत्तराखंड, और पंजाब के कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओले पड़ने की आशंका है। 
दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे में बारिश संभव
दिल्ली के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद में बुधवार को हल्की बारिश हुई। सफदरजंग मौसम केंद्र के मुताबिक, सुबह 5:30 बजे तक 6 मिलीमीटर, पालम में 5 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 11 बजे पारा 13 डिग्री सेल्सियस के करीब था। दिन का अधिकतम तापमान 16 डिग्री के आस-पास रहा। बारिश के कारण पारा 4 से 5 डिग्री लुढ़क सकता है। राजधानी घने कोहरे की चपेट में आ सकती है। दिल्ली-एनसीआर में अगले 24 घंटे ऐसा ही मौसम रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में बारिश ने बढ़ाई ठंड
राजधानी लखनऊ में भी बुधवार सुबह हल्की बारिश हुई, जिसके कारण तापमान नीचे आ गया। बारिश के कारण टीचर भर्ती परीक्षा (टीईटी) देने आए लोगों को काफी परेशान होना पड़ा। लखनऊ के अलावा रायबरेली, अयोध्या, अमेठी, वाराणसी में भी बुधवार को हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग की मानें तो गुरुवार से मौसम साफ हो सकता है। कई पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी हो रही है। वहां से आ रही उत्तर-पश्चिमी हवाएं मौसम को सूखा रखेंगी, जिसके चलते हफ्ते के आखिर में लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ सकता है। 
राजस्थान में कड़ाके की सर्दी
राजस्थान में कड़ाके की ठंड जारी है। जयपुर में मंगलवार देर रात बूंदाबांदी हुई जबकि सवाईमाधोपुर में दो मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। गंगानगर में भी 0.7 मिलीमीटर बारिश हुई। हालांकि, पिछले दो-तीन दिन से न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई है। जयपुर जिले में शीत लहर के कारण बंद स्कूल बुधवार को खुल गए। राजधानी में न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जोकि सामान्य से 6 डिग्री अधिक था। मौसम विभाग के अनुसार आगामी चौबीस घंटों में कई स्थानों पर घना कोहरा छाये रहने की आशंका है।
उत्तराखंड में अगले 24 घंटे में बारिश होगी
पाकिस्तान के ऊपर बने पश्चिम विक्षोभ के कारण उत्तराखंड में भी अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना है। कई मैदानी राज्यों में भी इसका असर नजर आ सकता है। अगले 24 घंटे में उत्तराखंड के अलावा पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। वहीं, कई स्थानों पर ओले भी गिर सकते हैं।