Type Here to Get Search Results !

डीजीसीए ने सभी एयरलाइंस से कहा- ईरान, इराक और ओमान की खाड़ी के एयर स्पेस में सतर्क रहें


नई दिल्ली। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (डीजीसीए) ने सभी भारतीय एयरलाइंस से ईरान और अमेरिकी तनाव के मद्देनजर सतर्क रहने को कहा है। डीजीसीए ने बुधवार एयरलाइंस को हिदायत दी कि ईरान, ईराक, गल्फ की खाड़ी, फारस की खाड़ी के एयरस्पेर्स में सतर्कता बरतें। नियामक संस्था ने ईरान के तेहरान में यूक्रेन का विमान क्रैश होने के बाद यह चेतावनी जारी की। इस हादसे में 176 लोगों की मौत हो गई।
डीजीसीए के एक अधिकारी ने बताया कि यूक्रेन विमान हादसे के बाद एक बैठक बुलाई गई थी।
विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों के लिए एडवायजरी जारी की थी
भारत सरकार ने अपने नागरिकों को एडवायजरी जारी की है कि जब तक बेहद जरूरी न हो, तब तक इराक की यात्रा न करें। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इराक के हालात को देखते हुए हमने नागरिकों को यह एडवायजरी जारी की। हमने इराक में रह रहे भारतीयों से भी कहा है कि वह सतर्कता बरतें और इराक के भीतर अनावश्यक यात्राओं से बचें।
अमेरिका ने भी अपनी एयरलाइंस से ऑपरेशन बंद करने को कहा
अमेरिकी विमान प्रबंधन ने भी सभी अमेरिकी एयरलाइंस को इराक, ईरान, फारस और ओमान की खाड़ी के एयरस्पेस में अपनी उड़ानें बंद करने के निर्देश दिए हैं। मध्य-पूर्व के तनावपूर्ण हालात को देखते हुए अमेरिका ने यह आदेश जारी किया। बुधवार को ईरान ने इराक स्थित दो अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर मिसाइल हमले किए। ईरान ने यह हमला अपने टॉप कमांडर जनरल कासिम सुलेमानी की अमेरिकी हमले में मौत के जवाब में किया। सुलेमानी पर 3 जनवरी को अमेरिकी ड्रोन ने उस वक्त रॉकेट हमला किया था, जब वे बगदाद के एयरपोर्ट से कार से बाहर आ रहे थे।
उड़ान के 3 मिनट बाद क्रैश हुआ यूक्रेनियन प्लेन
तेहरान स्थित इमाम खोमेनी एयरपोर्ट पर बुधवार सुबह बोइंग-737 विमान उड़ान भरने के 3 मिनट बाद ही क्रैश हो गया। हादसे में विमान में सवार सभी 176 लोगों की मौत हो गई। विमान में ईरान के 82, कनाडा के 63, स्वीडन के 10, ब्रिटेन के 3, अफगानिस्तान के 4 और जर्मनी के 3 नागरिक थे।
Tags