भोपाल। पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल ने रीवा जिले की मऊगंज जनपद अन्तर्गत सीतापुर में 27.62 लाख रूपये लागत की गौ-शाला का लोकार्पण किया। उन्होंने मऊगंज की रकरी ग्राम पंचायत में नवीन गौ-शाला का भूमि-पूजन भी किया। श्री पटेल ने सुदूर ग्राम सड़क योजनान्तर्गत 57 लाख की 5 सड़कों का लोकार्पण तथा अन्य 20 ग्राम पंचायतों में विभिन्न सड़कों का भूमि-पूजन भी किया।
श्री पटेल ने कहा कि राज्य सरकार किसानों की उन्नति और गायों की सुरक्षा के लिये प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि गौ-शालाओं का संचालन ग्राम पंचायत और ग्रामीण आजीविका मिशन के स्व-सहायता समूहों द्वारा किया जाएगा ताकि गौमूत्र और गोबर से बनने वाली सामग्री बाजार में बिके और समूह स्वावलंबी बन सकें।
राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम
मंत्री श्री कमलेश्वर पटेल सीतापुर में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना द्वारा आयोजित राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने लोगों से कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करें। नशे में वाहन न चलायें, दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगायें और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर बाँधे।
