नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प पत्नी मेलानिया और बेटी इवांका के साथ पहले आधिकारिक दौरे पर भारत पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोटोकॉल तोड़ते हुए अहमदाबाद एयरपोर्ट पर उनकी अगवानी की। इसके बाद उन्होंने साबरमती आश्रम जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की और मोटेरा स्टेडियम में नमस्ते ट्रम्प कार्यक्रम में हिस्सा लिया। ट्रम्प के कार्यक्रम की तुलना अमेरिका के ह्यूस्टन में हुए हॉउडी मोदी से की जा रही है, लेकिन, सोशल मीडिया यूजर्स सुबह से ही ट्रम्प को घेरने में लगे हैं। भारत में सुबह से ही ट्विटर पर #GoBackTrump ट्रेंड कर रहा है, जबकि कुछ अमेरिकन भी ट्रम्प को नसीहत दे रहे हैं कि, अब आप मेलानिया समेत भारत में ही रहना और लौटकर मत आना।
ट्रेंडिंग हैशटेग और उनके नंबर
दोपहर तक #GoBackTrump हैशटेग के साथ 80.4 हजार ट्वीट्स, #NamasteyTrump पर 65.9 हजार, #TrumpInIndia हैशटेग पर 50 हजार से ज्यादा ट्वीट किए जा चुके हैं। वहीं, #IndiaWelcomesTrump के साथ 30 हजार से ज्यादा रीट्वीट किए जा चुके हैं। मोटेरा स्टेडियम में ट्रम्प के भाषण में इस्लामिक आतंकवाद के खतरे पर टिप्पणी के बाद एक नया हैशटेग #Radical Islamic भी ट्रेंड में आ गया है और इस पर 21 हजार से ज्यादा रीट्वीट किए जा चुके हैं।
ऐसे निकल रहा यूजर्स का गुस्सा
यूजर्स अहमदाबाद में झुग्गियों को छुपाने के लिए बनाई गई दीवार को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। वे मोदी पर तंज कसते हुए इसे गुजरात का विकास मॉडल बता रहे हैं। कुछ लोग कह रहे हैं कि ट्रम्प ने अमेरिका में अपनी राजनीति चमकाने के लिए भारत से करोड़ों खर्च करवा लिए हैं।
