मुंबई। कोरोनावायरस संक्रमण के चलते बॉलीवुड में लॉकडाउन चल रहा है। बॉलीवुड के अलावा यह लॉकडाउन साउथ फिल्म इंडस्ट्री में असर दिखा रहा है। बिग बॉस मलयालम सीजन 2 को कोरोना संक्रमण के चलते रद्द कर दिया गया है। रद्द होने के पहले शो 70 दिन तक चलता रहा। केरल में इस वक्त कोरोनावायरस के 27 केस सामने आ चुके हैं।
300 का क्रू और 10 प्रतिभागी : शो के मेकर्स एन्डेमोल शाइन इंडिया ने ट्विटर हैंडल पर शो को रद्द करने से जुड़ी जानकारी साझा की। जिसमें लिखा है- हम अपने कर्मचारियों, कलाकारों और क्रू मेम्बर्स की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं। हम अपने सभी प्रोडक्शन वर्क को अगले आदेश-निर्देश तक बंद कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि हम जल्द ही आपका मनोरंजन करने के लिए वापस आएंगे। हालांकि इसमें किसी भी शो का नाम नहीं लिखा है। बिग बॉस मलयालम की शूटिंग में 300 से ज्यादा क्रू मेम्बर्स और 10 प्रतिभागी मौजूद थे।
इसके पहले शो में प्रतिभागी रहे रजित कुमार को केरल पुलिस ने अरेस्ट कर लिया था। रजित शो से लौटने के बाद एयरपोर्ट पर भीड़ के साथ नजर आए थे, जबकि इस वक्त पूरे देश में कोरोनावायरस संक्रमण के चलते भीड़ के इकट्ठा होने पर पाबंदी लगी हुई है। रजित पर आईपीसी की धारा 143, 147 और 188 के तहत मामला दर्ज किया जा चुका है।
