नीमच। लॉकडाउन के कारण माध्यमिक शिक्षक मंडल बोर्ड भोपाल द्वारा कक्षा 10वीं और 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शिक्षकों से घर पर ही करवाया जा रहा है। बुधवार को उत्कृष्ट स्कूल में पहले चरण में 62 विषय विशेषज्ञों को 46 हजार 500 कॉपियां जांचने के लिए दी गई। इन शिक्षकों द्वारा 10 दिन में मूल्यांकन पूरा कर वापस विभाग को जमा की जाएंगी। जिले को 94 हजार कॉपियां जांचने के लिए मिली हैं। कॉपी वितरण का काम केंद्र पर 25 अप्रैल तक चलेगा।
बोर्ड परीक्षा परिणाम में देरी न हो, इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा प्रथम चरण के मूल्यांकन को लेकर नए निर्देश दिए। 10वीं व 12वीं की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शिक्षकों ने घर पर शुरू कर दिया। राेल नंबर और केंद्र नंबर पर लगा स्टीकर नहीं हटा सकेंगे। किसी काॅपी के स्टीकर से छेड़छाड़ दिखाई देगी तो संबंधित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई की हाेगी। केंद्र से शिक्षक बड़े बोरियों में कॉपियों के बंडल रखकर ले गए। केंद्र पर शिक्षकों की भीड़ नहीं हाे इसके लिए विषय शिक्षकों काे 2-2 घंटे के अंतराल में बुलाया गया। एक कमरे में 5 से 6 शिक्षकों को कॉपियों के बंडल चेक करके दिए। जहां साेशल डिस्टेंसिंग का पालन भी नजर आया।
28 साल बाद हो रही यह प्रक्रियाकरीब 28 साल बाद ऐसा माैका आया जब बाेर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन शिक्षक अपने घर पर कर रहे हैं। उत्तर पुस्तिकाओं पर पारदर्शिता बनी रहे, इसलिए स्टीकर चिपकाए गए हैं। मूल्यांकन के बाद शिक्षकों को उत्तर पुस्तिकाएं अलमारी या बाॅक्स में रख ताला लगाना होंगे। पुस्तिकाओं पर किसी भी प्रकार के दाग, धब्बे या अन्य तरह से क्षतिग्रस्त नहीं करना है।
दोनों कक्षाओं के 4 विषयों की कॉपियां बांटीपहले दिन कक्षा 10वीं के सामाजिक विज्ञान विषय के 25, संस्कृत के 15 शिक्षक तथा कक्षा 12वीं के हिन्दी के 17 तथा इतिहास विषय के 5 शिक्षकों को 450-450 उत्तर पुस्तिकाएं दी गईं। 25 अप्रैल तक अलग-अलग विषयों के शिक्षकों को बुलाकर कॉपिया दी जाएंगी। जो 10 दिन में चेक करने के बाद वापस जमा करवाना होगी। मूल्यांकन के दाैरान घर पर काेई भी शिक्षक उत्तर पुस्तिका का फाेटाे, वीडियाेग्राफी व फाेटाेकाॅपी नहीं कर सकेगा।
जावद-मनासा के शिक्षकों को विकासखंड स्तर पर ही मिलेंगी कॉपियांजिला मुख्यालय पर निवासरत शिक्षकों को उत्कृष्ट स्कूल से कॉपियां दे रहे हैं। जावद व मनासा के शिक्षकों विभाग द्वारा विकासखंड कार्यालय पर कॉपियां दी जाएगी। किसी के पास लाने-जाने की सुविधा नहीं होगी तो उस शिक्षक के घर तक विभाग कॉपियां पहुंचाएगा।
पहले चरण में 94 हजार कॉपियों का मूल्यांकन होगाडीईओ केएल बामनिया के अनुसार माशिमं के निर्देशानुसार बोर्ड कक्षा 10वीं व 12वीं उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन शुरू हो गया है। लॉकडाउन के चलते शिक्षक घर पर ही पूरी ईमानदारी से मूल्यांकन कार्य करें। इसके लिए उन्हें निर्देशित किया है। उत्कृष्ट विद्यालय स्थित केंद्र विषय वार शिक्षक को 450 कॉपियां दी है। जो 10 दिन में चेक करके वापस जमा करवाना है। अभी 94 हजार उत्तरपुस्तिकाएं मिली है।
