नई दिल्ली। काेरोना संकट के बीच लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिया गया है। इसके साथ ही केंद्र सरकार राज्यों के प्रशासनिक अमले के प्रति और सख्त होने जा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि 20 अप्रैल तक देश के सभी शहर और जिलों का मूल्यांकन होगा। इसमें देखा जाएगा कि उन्होंने कोरोना से निपटने के लिए किस तरह काम किया है। इसका सही ढंग से पालन करने वाले को सहूलियत दी जाएंगी। जहां ठीक से पालन नहीं हुआ वहां सहूलियत नहीं दी जाएंगी।
इधर, मुंबई के बांद्रा इलाके में मंगलवार को हजारों की संख्या में प्रवासी मजदूर सड़कों पर उतर आए। इन लोगों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए खुद को घर भेजने की मांग की। इन लोगों का कहना है कि सरकार ने लॉकडाउन को आगे बढ़ा दिया है और हमारे पास खाने को कुछ नहीं है। ऐसे में हमें अपने गांव वापस जाने दिया जाए। पुलिस ने पहले इन लोगों को समझाने की कोशिश की। इसके बाद भी जब भीड़ नहीं हटी, तो फिर लाठीचार्ज करके उन्हें खदेड़ा गया।
