इंदौर। देश में कोरोनावायरस के प्रकोप से सबसे ज्यादा प्रभावित शहरों में शामिल इंदौर में मंगलवार को 49 नए केस सामने आए। जिले में इस महामारी के मरीजों की संख्या बढ़कर 411 तक पहुंच गई। अब तक 35 लोग इस बीमारी से जान गवां चुके हैं। शहर के साथ ही यह संक्रमण अब महू तक पहुंच गया है। सुबह आई रिपोर्ट में महू के छह लोग संक्रमित पाए गए। इनमें चार जमाती और दो अन्य में एक पुलिस अधिकारी की पत्नी और उनका नौकर है। जमातियों में 3 टीन गली मस्जिद और एक किरवानी मोहल्ला मस्जिद में था। इन्हें रेड जोन अस्पताल इंदौर भेजा गया। दोनों मस्जिद और पूरे मोहल्ले को सील कर दिया गया है। 20 से ज्यादा लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। सांवेर में भी एक मेडिकल स्टोर संचालक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उसके परिवार को क्वारैंटाइन कर क्षेत्र को सील कर दिया गया है।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण जड़िया ने बताया कि इंदौर के विभिन्न क्षेत्रों में सर्वे कार्य के लिए 300 टीमों को मैदान में उतारा गया है। इन टीमों ने अब तक करीब 32500 लोगों का सर्वे किया है। इनमें 250 से 300 लोगों में सर्दी-खांसी की शिकायत पाई गई। 90 लोगों को सांस लेने में भी तकलीफ थी। मेडिकल टीम द्वारा इनकी जांच की गई तो किसी में भी कोरोना के लक्षण नहीं पाए गए।
डॉ. जड़िया ने बताया कि अब तक 600 लोगों की स्क्रीनिंग भी कराई जा चुकी है। मंगलवार को 49 नए केस सामने आए, जिसके बाद पॉजिटिव मरीजों की संख्या 411 हो गई है। एक-दो छोटे बच्चों में भी कोरोना के लक्षण पाए गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर बड़ी संख्या में 14 दिनों के लिए क्वारैंटाइन किए गए लोगों को अब डिस्चार्ज करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। उन्होंने बताया कि अब तक शहर में इस बीमारी के 37 मरीजों को इलाज के बाद स्वस्थ पाए जाने पर अस्पतालों से छुट्टी दी जा चुकी है। कोरोनावायरस के मरीज मिलने के बाद से प्रशासन ने 25 मार्च से इंदौर की शहरी सीमा में कर्फ्यू लगा रखा है।
