Type Here to Get Search Results !

खरगोन में मरकज से लौटा व्यक्ति और पेरिस से आया युवक काेरोना पाॅजिटिव, प्रदेश में अब तक 167 संक्रमित


खरगोन। शहर में शनिवार को कोरोना के दो नए मरीज मिले। इंदौर से चार रिपोर्ट में से दो पॉजिटिव आई हैं। इसमें दक्षिण अफ्रीका में धार्मिक यात्रा और दिल्ली में मरकज में शामिल होकर लौटा 49 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया। इसके अलावा 15 दिन पहले पेरिस से नौकरी कर लौटे आसनगांव का युवक भी संक्रमित पाया गया। दोनों आईसोलेशन में भर्ती हैं। 

खरगोन सहकार नगर निवासी व्यक्ति अपनी पत्नी के साथ 26 जनवरी को खरगोन से मुंबई गया। वहां से 2 फरवरी को धार्मिक यात्रा करने दक्षिण अफीका पहुंचा। करीब 45 दिन बाद वापस दिल्ली आया। यहां 20 मार्च को निजामुद्दीन की तब्लीगी जमात में शामिल हुआ। अगले दिन वापस इंदौर से खरगोन आया। तबीयत बिगड़े पर दूसरे ही दिन 22 मार्च को दंपती को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें पति की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

कलेक्टर गोपालचंद्र डाड व एसपी सुनील पांडेय ने खरगोन के आधा किमी क्षेत्र और आसनगांव के तीन किमी का क्षेत्र सील कर दिया है। यहां किसी को भी आने-जाने नहीं दिया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अब तक जिले में 63 सैंपल लिए हैं। इसमें 42 की रिपोर्ट शेष है, जबकि तीन लोगों की पाॅजिटिव आई है। जिले के धरगांव के होटल व्यवसायी 65 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो चुकी है।
इंदौर में 115 और उज्जैन में 7 पॉजिटिव मरीज
इंदौर में तीन नए केस सामने आने के बाद 115 कोरोना पॉजिटिव हो गए। जो भी नए मरीज सामने आए हैं, वे पहले से क्वारैंटाइन हैं। इन्हें यह संक्रमण इनके परिजन या रिश्तेदारों के जरिए पहुंचा। वहीं, उज्जैन में भी अब तक 7 संक्रमित मिल चुके हैं। इसमें एक ही परिवार के छह लोग हैं। जिसमें 65 वर्षीय महिला समेत दो की मौत हो चुकी है। यह उज्जैन की पहली पॉजिटिव महिला थी। वहीं, इंदौर में अब तक 7 लोग जान गवां चुके हैं। 
मप्र में 167 हुए कोरोना संक्रमित
मध्य प्रदेश में 167 कोरोना संक्रमित हो गए हैं। इनमें इंदौर 115, मुरैना 12, भोपाल 15, जबलपुर 9, उज्जैन 7, ग्वालियर, खरगोन 3, शिवपुरी और छिंदवाड़ा में 2-2 में एक संक्रमित मिले हैं। इंदौर 7, उज्जैन में 2 और खरगोन और छिंदवाड़ा में एक-एक पीड़ित की मौत हो चुकी है।