शिवपुरी। मध्य प्रदेश में हर रोज बढ़ रही कोरोना संक्रमितों की संख्या के बीच शिवपुरी से राहत देने वाली खबर सामने आई है। यहां के जिला अस्पताल में 24 मार्च से भर्ती कोरोना पॉजिटिव युवक की दूसरी और तीसरी रिपोर्ट निगेटिव आई है। शनिवार को उसे डिस्चार्ज किया जा सकता है। बता दें कि शिवपुरी में कोरोना के दो पॉजिटिव केस हैं, इसमें एक खनियांधाना का युवक है जो हैदराबाद से लौटा था और दूसरा युवक दुबई से लौटा है।
24 मार्च से जिला अस्पताल के आईसोलेशन वार्ड में भर्ती हैशिवपुरी में अब तक दो कोरोना पॉजिटिव हैं और राहत वाली बात ये है कि 5-6 दिन से यहां पर तीसरा केस नहीं आया है। इसमें से दुबई से लौटे युवक की दूसरी और तीसरी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई है। बताया जा रहा है कि युवक को जिला अस्पताल से डिस्चार्ज किया जा सकता है। युवक को 24 मार्च को जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था, तब से उसकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा था।
विदेश यात्रा से लौटे लोगों की चिन्हित कर रही हैं टीमें
शिवपुरी और खनियाधाना में विदेश से लौटे लोगों को पुलिस और प्रशासन की टीम चिन्हित कर रही हैं, इसके बाद स्वास्थ्य टीमें उनकी जांच और सर्वे कर रही हैं। सर्वे के दौरान उनकी ट्रैवल हिस्ट्री भी पूछी जा रही है। शनिवार को चार सैंपल और जांच के लिए भेजे गए हैं।वहीं शुक्रवार को जारी हेल्थ बुलेटिन के अनुसार, शिवपुरी में दिसंबर से अब तक 137 लोग विदेश से लौटे हैं। इनमें से 42 यात्री जिले के नहीं हैं। जबकि 10 यात्रियों का नाम सूची में दो बार दर्ज है। शेष बचे 85 यात्रियों में से 69 यात्री 28 दिन का होम क्वारैंटाइन पूरा कर अब स्वस्थ हैं।