नई दिल्ली। देश में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या गुरुवार को 223 हो गई है। आज 25 संक्रमितों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। नवी मुंबई में 20 घंटे के अंदर सबसे ज्यादा नौ मरीजों की मौत हुई। पुणे में कल रात 12 बजे से आज शाम 6 बजे तक सात संक्रमितों ने अपनी जान गंवाई। अब तक पूरे महाराष्ट्र में 96 लोगों की संक्रमण के चलते मौत हुई है। मध्यप्रदेश में गुरुवार को तीन संक्रमितों की मौत हुई। यहां इंदौर में 62 साल के डॉक्टर और 44 साल के मरीज की जान चली गई। देवास में 52 साल के पत्रकार ने दम तोड़ दिया। राज्य में मौत का आंकड़ा 30 पर पहुंच गया है। पंजाब में दो, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान, हरियाणा और झारखंड में भी एक-एक मौत हुई। बुधवार को देश में 27 संक्रमितों की मौत हुई थी। ये आंकड़े अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी किए गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 169 मौतों की पुष्टि की है।
गुरुवार को हुई मौतें
जम्मू-कश्मीर: जम्मू में 69 साल की महिला की जान चली गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वह उधमपुर जिले की रहने वाली थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने की शिकायत थी।
पंजाब: पंजाब में दो की मौत हुई है। रोपड़ के रहने वाले 55 साल के मरीज ने बुधवार देर रात चंडीगढ़ पीजीआई में दम तोड़ दिया। इन्हें डायबिटीज की शिकायत थी। वहीं, दूसरी मौत गुरुवार सुबह जालंधर में 59 साल के व्यक्ति की हुई है। बुधवार शाम को ही इनकी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। पंजाब में अब तक संक्रमण से 10 लोगों की जान जा चुकी है।
झारखंड: आज कोरोना से पहली मौत दर्ज की गई। बोकारो के साडम में 75 साल के मरीज की जान चली गई। प्रशासन बुजुर्ग की ट्रैवल हिस्ट्री पता करने की कोशिश कर रही है।
राजस्थान : जोधपुर में 77 साल के एक कोरोना संक्रमित की मौत का मामला सामने आया है। बुजुर्ग की बुधवार देर रात मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह मिली रिपोर्ट में संक्रमण की पुष्टि हुई है।
महाराष्ट्र: नवी मुंबई में गुरुवार को 9 संक्रमितों की मौत हुई। इसमें एक धारावी झुग्गी में रहने वाली 70 साल की महिला भी शामिल है। इसके अलावा पुणे में सात मरीजों ने दम तोड़ दिया।
हरियाणा : यहां 24 घंटे के अंदर एक मौत हुई है। अब तक प्रदेश में तीन मरीजों की जान जा चुकी है।
