Type Here to Get Search Results !

लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ने से आईपीएल फिर टला: अब दिसंबर से पहले मुश्किल; जून से सितंबर तक मानसून, अक्टूबर और नवंबर में टी-20 वर्ल्ड कप


नई दिल्ली। देश में लॉकडाउन 3 मई तक बढ़ा दिए जाने की वजह से आईपीएल फिर टल गया है। बीसीसीआई के सूत्रों ने मंगलवार दोपहर यह जानकारी दी। बोर्ड सूत्रों ने अभी यह नहीं बताया है कि अब आईपीएल का शेड्यूल क्या होगा। हालांकि, मौजूदा हालात और इंटरनेशनल शेड्यूल के चलते इसका दिसंबर के पहले होना मुश्किल लग रहा है। जून से सितंबर तक मानसून सीजन रहता है। 18 अक्टूबर से ऑस्ट्रेलिया में टी-20 वर्ल्ड कप भी खेला जाना है। यह मध्य नवंबर तक चलेगा। इसके बाद भी टीमों की आपसी सीरीज का कैलेंडर तय रहता है। इस शेड्यूल के बीच ही बीसीसीआई को आईपीएल के लिए खाली तारीखें तलाशनी होंगी। ऐसा होता है तो भी दिसंबर के पहले आईपीएल होना संभव नहीं लग रहा है। इन स्थितियों में आईपीएल का फॉर्मेट भी पहले से छोटा हो सकता है।

अब 37 दिन का हो सकता है आईपीएल शेड्यूल
इस बार आईपीएल 50 दिन की बजाए 44 दिन का होना था। सभी 8 टीमों को 9 शहरों में 14-14 मैच खेलने हैं। इनके अलावा 2 सेमीफाइनल, 1 नॉकआउट और 24 मई को वानखेड़े में फाइनल होना था, लेकिन बीसीसीआई अब इसका फॉर्मेट और छोटा करके 2009 की तरह 37 दिन का कर सकती है। 2009 में लोकसभा चुनाव के कारण आईपीएल दक्षिण अफ्रीका में खेला गया था। यह पांच सप्ताह और दो दिन के अंदर खत्म हो गया था।