Type Here to Get Search Results !

अब तक एक लाख 20 हजार मौतें: न्यूयॉर्क के गवर्नर बोले- ट्रम्प राजा नहीं बल्कि राष्ट्रपति हैं, उनके कहने पर हम प्रतिबंध नहीं हटा सकते


वॉशिंगटन। दुनियाभर में कोरोनावायरस से अब तक 19 लाख 34 हजार 976 संक्रमित हो चुके हैं। एक लाख 20 हजार 438 की मौत हो चुकी है। चार लाख 56 हजार 840 ठीक भी हुए हैं। अमेरिका में पांच लाख 87 हजार 173 मामले हैं। 23 हजार लोगों की मौत हो चुकी है। न्यूयॉर्क राज्य में 10 हजार से ज्यादा लोग दम तोड़ चुके हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प प्रतिबंध हटाने की तरफ इशारा कर रहे हैं। लेकिन, न्यूयॉर्क के गवर्नर उनके विरोध में खड़े हो गए हैं।

न्यूयॉर्क : ट्रम्प के प्रति गवर्नर सख्त
कोरोनावायरस से सबसे ज्यादा प्रभावित न्यूयॉर्क राज्य के गवर्नर एंड्रू कूमो ने राष्ट्रपति ट्रम्प के प्रति सख्त अपना लिया है। दरअसल, ट्रम्प ने दो दिन पहले प्रतिबंधों में ढील देने और न्यूयॉर्क को खोलने की तरफ इशारा किया था। कूमो इससे सहमत नहीं हैं। मंगलवार को उन्होंने कहा, “अगर ट्रम्प मुझे प्रतिबंध हटाने और राज्य को फिर खोलने के लिए कहते हैं तो मेरा रुख बहुत साफ है। मैं ऐसा कोई कदम नहीं उठाउंगा जिससे लोगों की जिंदगी खतरे में आए। इस नाजुक वक्त में हमें तानाशाही रवैये से बचना चाहिए। हमारे लिए ट्रम्प राजा नहीं राष्ट्रपति हैं। हमें साथ काम करना पड़ेगा। ये वायरस किसी डेमोक्रेट या रिपब्लिकन को नहीं सिर्फ अमेरिकियों की जान लेगा। राजनीति बाद में भी की जा सकती है।”   

इटली : कुछ प्रतिबंधों में ढील 
प्रधानमंत्री ग्यूसिपी कोन्टे ने देश में जारी लॉकडाउन के बीच कुछ राहत दी। मंगलवार को यहां बुकशॉप, लॉन्ड्री और बच्चों के क्लॉथ स्टोर खुल गए। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में प्रशासन ये राहत देने को तैयार नहीं है। तीन मई को प्रतिबंधों की समीक्षा की जाएगी। इसके बाद सरकार अगला फैसला लेगी। कुछ फैक्ट्रियों को भी उत्पादन की सशर्त मंजूरी दी गई है। सरकार ने री-ओपनिंग के लिए तीन चरणों का प्लान बनाया है। अभी पहले चरण पर काम चल रहा है। दूसरा चरण 3 मई के आसपास शुरू हो सकता है।

रूस : कम पड़ सकते हैं मरीजों के लिए बिस्तर
देश में अब तक 21 हजार से ज्यादा मामले सामने आ चुके हैं। 170 की मौत हो चुकी है। सोमवार को करीब डेढ़ हजार नए मामले सामने आए। मॉस्को के हेल्थ डिपार्टमेंट के मुताबिक, अगर संक्रमण की यही रफ्तार रही तो दो या तीन हफ्तों बाद मरीजों के लिए बिस्तर कम पड़ जाएंगे। सरकार 10 दिन में 24 टेम्परेरी अस्पताल तैयार कर रही है।  इसके बाद अकेले मॉस्को में ही 21 हजार मरीज रखे जा सकेंगे।

ब्रिटेन : 12 हजार से ज्यादा लोगों की मौत
ब्रिटेन में मौतों का आंकड़ा मंगलवार को 12 हजार 107 हो गया। हेल्थ एंड सोशल केयर डिपार्टमेंट ने एक बयान में कहा, ‘यह उन मृतकों की आंकड़ा है जिन्होंने एनएचएस यानी सरकारी अस्पताल में दम तोड़ा। इसमें नर्सिंग होम और किसी अन्य स्थान पर होने वाली मौतों को शामिल नहीं किया गया।’ ब्रिटेन में अब तक करीब 94 हजार लोगों को संक्रमित पाया जा चुका है। 

पाकिस्तान : लॉकडाउन दो हफ्ते बढ़ा
प्रधानमंत्री इमरान खान ने मंगलवार को आंशिक लॉकडाउन दो हफ्ते बढ़ा दिया। यहां दुकानें और बाकी कामकाज चलता रहेगा सिर्फ लोगों के जुटने पर रोक लगाई गई है। यहां संक्रमितों का आंकड़ा छह हजार के करीब पहुंच रहा है। 102 लोगों की मौत हो चुकी है। इमरान ने विकसित देशों और वित्तीय संगठनों से सहायता मांगी थी। लेकिन, आईएमएफ ने मंगलवार को जिन 25 देशों को वित्तीय राहत देने की घोषणा की, उनमें पाकिस्तान शामिल नहीं है। अफगानिस्तान और नेपाल इस सूची का हिस्सा हैं। 

क्यूबा : इटली के लिए दूसरा दल रवाना
क्यूबा के मेडिकल एक्सपर्ट्स की दूसरी टीम सोमवार को इटली के शहर तूरिन पहुंच गई। पहली टीम राजधानी हवाना से 22 मार्च को रोम भेजी गई थी। तब से ये वहीं है। इटली के विदेश मंत्री ने क्यूबा की दूसरी टीम के पहुंचने को खुशखबरी बताया। उन्होंने कहा- हम क्यूबा सरकार के दिल से शुक्रगुजार हैं। बता दें कि इटली के अलावा वेनेजुएला, निकारागुआ, सूरीनाम, जमैका और ग्रेनेडा ने भी क्यूबा से मदद मांगी है। 

कोरोना स्वाइन फ्लू से 10 गुना घातक: डब्ल्यूएचओ
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने कोरोनावायरस को स्वाइन फ्लू से 10 गुना घातक बताया है। सरकारों को लॉकडाउन या अन्य प्रतिबंध अचानक न हटाने की सलाह दी है। संगठन के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस एडहोनम गेब्रियेसस के मुताबिक, कोरोना संक्रमितों की स्वाइन फ्लू के मुकाबले 10 गुना ज्यादा मौतें हो रही हैं। यह भीड़ वाले इलाकों में ज्यादा तेजी से फैलता है। संक्रमण रोकने के लिए संक्रमित लोगों का पता लगाना, जांच और संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वाले हर व्यक्ति की पहचान जरूरी है।

अमेरिका: न्यूयॉर्क में 10 हजार से ज्यादा मौतें
अमेरिका में कोरोनावायरस से अब तक 23 हजार 640 लोगों की मौत हो चुकी है। इनमें केवल न्यूयॉर्क में 10 हजार से ज्यादा जान गई है। देश में संक्रमण के मामले पांच लाख 86 हजार से ज्यादा हो गए हैं। अकेले न्यूयॉर्क में एक लाख 95 हजार से ज्यादा संक्रमित हैं। अमेरिका में सोमवार को 1,535 लोगों की मौत हुई। 26 हजार 641 नए मामले सामने आए।
Tags