Type Here to Get Search Results !

अब तक 6 हजार 637 केस: केंद्र ने 15 हजार करोड़ रुपए के इमरजेंसी फंड को मंजूरी दी; दवाइयां, प्रयोगशालाएं और मेडिकल उपकरणों पर होगा खर्च


नई दिल्ली। कोरोनावायरस संक्रमण के मरीजों की संख्या 6 हजार 637 हो गई है। हालात से निपटने के लिए केंद्र सरकार ने कोविड-19 इमरजेंसी रिस्पॉन्स एंड हेल्थ सिस्टम प्रिपेयर्डनेस पैकेज के तहत 15 हजार करोड़ रुपए के फंड को मंजूरी दी है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि 100% केंद्रीय फंड के इस पैकेज को जनवरी, 2020 से मार्च 2024 के बीच तीन किश्तों में लागू किया जाएगा।

केंद्र ने पैकेज जारी करते हुए कहा- इस पैकेज से राष्ट्रीय और राज्यों के स्तर पर स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का काम किया जाएगा। इससे बीमारी के रोकथाम और इससे मुकाबले की तैयारी भी हो सकेगी। जरूरी मेडिकल उपकरण और जरूरी दवाइयों की खरीदी के साथ निगरानी के पुख्ता इंतजाम भी किए जा सकेंगे। इस पैकेज के जरिए जांच के लिए प्रयोगशालाएं और बायो सिक्योरिटी के तरीके भी विकसित किए जा सकेंगे।

संक्रमण के नए मामलों में महाराष्ट्र अव्वल
देश में गुरुवार को सबसे ज्यादा 211 नए मामले महाराष्ट्र में सामने आए। वहीं, गुजरात में 76, राजस्थान में 47, उत्तरप्रदेश में 19, मध्यप्रदेश में 56, छत्तीसगढ़ में 8 और बिहार में 12 मरीज बढ़े। इनके अलावा कर्नाटक में 16, झारखंड में 9, पंजाब में 24, पश्चिम बंगाल में 4, ओडिशा में 2, हरियाणा में 3, हिमाचल प्रदेश 1 मामला सामने आया। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय ने गुरुवार शाम बजे बताया कि देश में कुल संक्रमितों की संख्या 5 हजार 865 हो गई है। इनमें से 477 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि 169 की मौत हो चुकी है।
Tags