Type Here to Get Search Results !

अब तक 7 हजार 61 मामले, 10 दिन में 70% का इजाफा; पंजाब में 30 अप्रैल तक कर्फ्यू; ओडिशा के बाद लॉकडाउन बढ़ाने वाला दूसरा राज्य


नई दिल्ली। कोरोनावायरस संकट से निपटने के लिए पंजाब में कर्फ्यू को 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है। कैबिनेट की बैठक में यह फैसला किया गया। ओडिशा के बाद पंजाब दूसरा राज्य है, जहां कर्फ्यू का समय बढ़ाया गया है। इधर, देश में कोराना संक्रमण के मरीजों की संख्या 7 हजार 61 हो गई है। आज 332 नए मामले सामने आए। देश में 1 अप्रैल को 2 हजार 59 संक्रमित थे। तब से अब तक 4 हजार 851 मरीज बढ़े हैं। यानी, 10 दिन में ही कोरोना संक्रमण के मामलों में 70% की बढ़ोतरी हुई है। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। वहीं, स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, अभी देश में कुल संक्रमितों की संख्या 6 हजार 761 है। इनमें से 6 हजार 39 का इलाज चल रहा है। 515 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 206 की मौत हुई। 
आज कहां कितने मरीज मिले
महाराष्ट्र-234, तमिलनाडु-77, राजस्थान-57, मध्यप्रदेश-40, उत्तरप्रदेश-23, जम्मू-कश्मीर-23, गुजरात-46, पंजाब-21, कर्नाटक-10, पश्चिम बंगाल-13, केरल-7, हरियाणा-6, ओडिशा-4, आंध्रप्रदेश और बिहार में 2-2, झारखंड-1।
रोज उड़ान भर रहे 22 कार्गो विमान
दिल्ली एयरपोर्ट ने शुक्रवार को बताया कि मास्क, मेडिसिन और मेडिकल उपकरणों जैसी जरूरी सामान की सप्लाई के 20 से 22 कार्गो विमान रोज उड़ान भर रहे हैं। ये विमान दोहा, पेरिस, हॉन्गकॉन्ग, शेन्झेंन, शंघाई, गुआंन्गझोऊ और इन्कोहेन से आने वाली सप्लाई को देशभर में पहुंचा रहे हैं, ताकि कोरोना से लड़ाई में भारत सरकार की मदद की जा सके।
कोरोना से जुड़े अपडेट्स
  • तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्रालय ने शुक्रवार को बताया कि राज्य में कुल 911 कोरोना पॉजिटिव मरीजों में से अकेले 833 लोग दिल्ली के तब्लीगी जमात से लौटे लोगों के सम्पर्क में आने से संक्रमित हुए। 
  • मंत्री एचबी सरमा ने शुक्रवार को बताया कि असम सरकार ने लॉकडाउन की वजह से दूसरे राज्यों में फंसे कैंसर, किडनी और दिल की बीमारी से जुड़े मरीजों को आर्थिक मदद देने का फैसला किया है। इसके लिए सरकार ने हेल्पलाइन नंबर- 0361-2558955 जारी किया है।
  • तमिलनाडु में कोरोना से शुक्रवार को 1 और मरीज की मौत हो गई। राज्य में मृतकों का आंकड़ा 9 हो गया है। 
  • केंद्र सरकार ने राज्यों से कहा है कि 21 दिन के लॉकडाउन का 100 फीसदी पालन हो यह सुनिश्चित किया जाए। इसके अलावा धार्मिक आयोजनों में भीड़ ना इकट्ठा होने दी जाए। सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रखी जाए ताकि कोई भी आपत्तिजनक पोस्टों को फैलने से रोका जा सके।
  • राजस्थान में अजमेर के रामगंज में कोरोना संक्रमण के संबंध में सर्वे करने पहुंचे डॉक्टरों के साथ बदसलूकी करने के आरोप में 7 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कुल 25 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।
  • सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका लगाई गई है। इसमें केंद्र सरकार को यह आदेश देने की मांग की गई है कि वह कोरोनावायरस के हॉटास्पॉट वाले शहरों में घर-घर मेडिकल टीम भेजकर लोगों की जांच कराए।
सरकार की प्रेस कॉन्फ्रेंस की अहम बातें
  • कोविड कंट्रोल रूम एक्टिव हैं। स्थिति नियंत्रण में है। हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन का उपयोग सही केस को देखते हुए किया जा रहा है। इसकी वैश्विक स्तर पर काफी मांग है, लेकिन इसके उपयोग में सावधानी बरतने की जरूरत है। 
  • हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की दुनिया भर से हो रही मांग को हम घरेलू जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पूरा कर रहे हैं। हमारे पास इसका पर्याप्त स्टॉक है। हमें करीब 1 करोड़ हाइड्रोक्सीक्लोरोक्वीन की जरूरत है और हमारे पास 3 करोड़ 80 लाख उपलब्ध हैं। 
  • जनवरी में हमने एक लैब से शुरुआत की थी। आज हमारे पास 147 लैब हैं, जिनके 16 हजार से ज्यादा कलेक्शन सेंटर हैं। गुरुवार को हमने 16 हजार होम टेस्ट किए। सिर्फ 2% टेस्ट ही पॉजिटिव आए। हमारे सैंपल में पॉजिटिव केस नहीं मिल रहे हैं। 
  • देश में पीपीई के 39 मैनुफैक्चर्स मौजूद हैं। फील्ड पर काम करने वाले कोई शक मन में न रखें। सरकार उनकी सुरक्षा के लिए पीपीई जुटा रही है। राज्यों को 20 लाख मास्क उपलब्ध करवाए गए हैं। 49 हजार वेंटिलेटर्स का ऑर्डर दे दिया है।
Tags