पटना। कोरोनावायरस संक्रमण के चेन को ब्रेक करने के लिए लगाए 21 दिन के लॉकडाउन का रविवार को 12वां दिन है। सोशल डिस्टेंसिंग और एक जगह ज्यादा लोग जमा नहीं होने को लेकर सरकार और प्रशासन लोगों से लगातार अपील कर रहा है लेकिन, कई जगहों पर लोग इस आदेश को पालन नहीं कर रहे हैं। बाजारों में भीड़ देखी गई। उधर, प्रधानमंत्री मोदी की अपील पर पटना में लोग सुबह से ही दीये की खरीदारी करने घर से निकले। कई जगह मिट्टी के बर्तन बेचने वाले दीये भी बेचते दिखे। मोदी ने आज रात 9 बजे 9 मिनट तक घरों की लाइट बंद करके दीये, मोमबत्ती, टार्च, फ्लैश लाइट जलाने की अपील की है।
उधर, राज्य में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या 32 पर पहुंच गई है। अब तक एक की मौत हुई है। वहीं, 7 हजार 448 कोरोना संदिग्ध को निगरानी में रखा गया है।
गया और भागलपुर: ड्रोन से निगरानी, यहां अब तक 5 पॉजिटिव मिले
प्रदेश के गया और भागलपुर जिले में ड्रोन से निगरानी की जा रही है। गया में अब तक 5 और भागलपुर में एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसके बात प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। बेवजह घर से निकल रहे लोगों को पुलिस उठक-बैठक कर रही है। हर इलाके में माइक से अनाउंस कर घरों में रहने की भी अपील की जा रही है।
पटना: विदेश से आने वाले 24 लोगों की सूची तैयार
पटना में 24 विदेशियों की पहचान हुई है। इनकी लिस्ट तैयार की गई है। 190 लोगों की मॉनिटरिंग पहले ही चल रही है। विदेश से आने वाले अन्य लोग दूसरे प्रदेश में रह रहे हैं। सभी के मोबाइल नंबर के साथ स्वास्थ्य संबंधी जानकारी जुटाई जा रही है।
औरंगाबाद: मदद पहुंचाने की होड़ में सोशल डिस्टेंसिंग भूल रहे समाजसेवी
महामारी के बीच औरंगाबाद में गरीबों तक मदद पहुंचाने के लिए लोगों में होड़ है लेकिन इस बीच लोग सोशल डिस्टेंसिंग की बात भूल जाते हैं। अब तक औरंगाबाद में एक भी पॉजिटिव केस सामने नहीं आया है। राशन दुकानों और सब्जी मंडी में पुलिस लगातार पेट्रोलिंग कर रही है और लोगों से कम से कम एक मीटर दूर खड़े होने की अपील कर रही है।
अब तक जहां-जहां पॉजिटिव मरीज मिले, उन इलाकों को तीन किलोमीटर तक सील किया गया
बिहार में अब तक कोरोनावायरस के 32 केस सामने आए हैं। इसमें सबसे ज्यादा केस मुंगेर के हैं। यहां 7 मरीजों में कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। पटना में 5, सीवान में 5, गया में पांच, गोपालगंज के तीन, नालंदा के तीन, सारण-लखीसराय-बेगूसराय-भागलपुर के एक-एक मरीजों की पुष्टि हुई है। जिन इलाकों में पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है, वहां के तीन किलोमीटर तक के इलाके को सील कर दिया गया है। पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आए लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है। सभी की जांच की जा रही है। नगर निगम इन इलाकों को सैनिटाइज करने में जुटा है।
