भोपाल। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कोरोना टेस्ट के लिए प्रदेश में एंटी बॉडी टेस्ट तकनीक अपनाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि इस टेस्ट में सिर्फ आधा घंटा लगता है और 300 रुपये खर्च आता है इसलिए इस टेस्ट को इस्तेमाल में लाया जाना चाहिए। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में बहुत धीमी गति से टेस्ट हो रहे हैं, हमारे यहां 10 लाख की आबादी पर 55 टेस्ट हो रहे हैं जो कि बहुत कमजोर औसत है।
कमलनाथ ने कहा कि इस टेस्ट को प्राथमिक रुप से भोपाल और इंदौर जैसे शहरों में करना चाहिए जहां संक्रमण तेजी से फैल रहा है साथ ही संक्रमण संभावित जिलों को चिन्हित कर इस टेस्ट का उपयोग उन जिलों में भी शुरु करना चाहिए ताकि लॉकडाउन का प्रभावी उपयोग हो सके। कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश में ज्यादा से ज्यादा जाचें करने के लिए आरटी-पीसीआर टेस्क के साथ साथ रैपिड एंटी बॉडी टेस्ट भी करना शुरु कर देना चाहिए।
गरीबों के पानी-बिजली बिल माफ हों
कमलनाथ ने कहा कि घरेलू उपभोक्ता में से जो लोग इंदिरा गृह ज्योति योजना के दायरे में आते हैं उनके आगामी छह माह के बिजली बिल माफ किए जाएं साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में जहां 14 फीसदी आबादी को नलों के माध्यम से पानी पहुंचाया जा रहा है और स्थानीय निकायों के माध्यम से जिनके पानी के बिल लिए जा रहे हैं उनके आगामी छह माह के लिए पानी के बल माफ किए जाएं। कमलनाथ ने कहा कि शहरी क्षेत्र में भी आगामी छह माह के लिए पानी के बिल माफ किए जाएं। इस राहत से लोगों पर आतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा और उनको बड़ी राहत मिल जाएगी।
