भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मरीज को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचने पर भर्ती नहीं करने पर मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस मामले में एस्मा अधिनियम के अंतर्गत अपर मुख्य सचिव, स्वास्थ्य मोहम्मद सुलेमान को तत्काल जांच कराने के लिये निर्देशित किया है। उन्होंने कहा है कि जांच के बाद खबर सही पाये जाने पर संबंधित चिकित्सा संस्थान के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।
सीएम हेल्पलाइन से 2 लाख 43 हजार 123 लोगों को मिली राहत
कोरोना के कारण लागू लाकडाउन में सीएम हेल्पलाइन नम्बर 181 आम नागरिकों और सभी जरूरतमंदों के लिये सबसे बड़ा आसरा केन्द्र बन गया है। इन नम्बर पर अब तक 2 लाख 43 हजार 123 लोगों को फोन करने पर भोजन, राशन, दवाओं तथा अन्य प्रकार की राहत उपलब्ध कराई गयी है। जानकारी के अनुसार सीएम हेल्पलाइन किसानों के लिये भी मददगार साबित हो रही है। इस पर अब तक किसानों की फसल कटाई, फसल परिवहन आदि की 628 समस्याओं का तुरंत निराकरण सुनिश्चित किया गया है। सीएम हेल्पलाइन नम्बर 181 पर अब तक भोजन संबंधी 43 हजार 346, राशन संबंधी एक लाख 36 हजार 912, दवाइयों संबंधी 19 हजार 348 तथा अन्य प्रकार की 42 हजार 889 समस्याओं की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई कर सहायता मुहैया कराई गयी।
पैदल जा रहे मजदूरों को स्वास्थ्य परीक्षण बाद घर भेजा गया
उमरिया जिले के बाईपास मार्ग पर स्थित ग्राम भारौला में अशोकनगर और बीना से पैदल लौटे 38 मजदूरों को स्वास्थ्य परीक्षण उपरांत शहडोल जिले के गोहपारू जनपद के लिये वाहन से भेजा गया। जानकारी के अनुसार मजदूरों को जागरूक नागरिकों ने रोक कर प्रशासन को इसकी जानकारी दी गई। प्रशासन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर सी पी सक्या को स्वास्थ्य एवं पुलिस बल के साथ भेजकर सभी का स्वास्थ परीक्षण करवाया गया। आदिम जाति कल्याण विभाग के अतिरिक्त कमिश्नर आनन्द राय सिन्हा ने सभी मजदूरों के लिए भोजन पानी की व्यवस्था की इसके उपरांत सभी को इन्हें इनके गृह ग्राम गोहपारू वाहन से भेज दिया गया है।
